साठ फीसद भू स्वामियों को मुआवजा बांटने का काम पूरा, काकड़ीघाट से क्वारब तक टूलेन होना है अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे
खैरना से काकड़ीघाट तक अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे के टू लेन हो जाने के बाद अब काकडी़घाट से क्वारब तक हाईवे नए रंग रूप में नजर आएगा। बकायदा इसके लिए 45.45 करोड़ रुपए की स्वीकृति मिल चुकी है। साठ फिसद भूमि मालिको को मुआवजा भी बांटा जा चुका है।
गरमपानी, जेएनएन : खैरना से काकड़ीघाट तक अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे के टू लेन हो जाने के बाद अब काकडी़घाट से क्वारब तक हाईवे नए रंग रूप में नजर आएगा। बकायदा इसके लिए 45.45 करोड़ रुपए की स्वीकृति मिल चुकी है। चौड़ीकरण की जद में आने वाली भूमि के साठ फिसद भूमि मालिको को मुआवजा भी बांटा जा चुका है।
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे काकडीघाट से क्वारब तक वर्तमान में बदहाल स्थिति में है। पूर्व में खैरना से काकडीघाट तक हाईवे को टूलेन किया जा चुका है। अब क्वारब से काकडीघाट तक हाईवे टू लेन किया जाएगा। इसके लिए सड़क व भूतल मंत्रालय ने 45.45 करोड़ की स्वीकृति पूर्व में दे दी है। विभागीय स्तर पर तैयारी तेज हुई और टेंडर प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार अब हाईवे नए रंग रुप में नजर आएगा। चौड़ीकरण की जद में आने वाली भूमि के साठ फ़ीसदी भू स्वामियों को मुआवजा भी वितरित किया जा चुका है।
अस्तित्व में आएंगे चार नए सेतू
हाईवे पर चौड़ीकरण के साथ ही चार नए पुल भी अस्तित्व में आ जाएंगे। अल्मोड़ा व नैनीताल जनपद की सीमा को जोड़ने वाला वर्षों पुराना क्वारब पुल की जगह भी नया पुल बनेगा। नैनीपुल, खीनापानी तथा सुयालबाडी़ के समीप भी नए पुल अस्तित्व में आ जाएंगे। नए पुल बन जाने के बाद काफी हद तक खतरा भी कम हो सकेगा। एनएच के ठेकेदार को 18 माह में हाईवे के टूलेन का कार्य पूरा करना होगा।
बजट स्वीकृत हो चुका है। टेंडर प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है। साठ फिसद मुआवजा भी बांटा जा चुका है। जल्द ही कार्य शुरू हो जाएगा। ठेकेदार को 18 माह में कार्य पूरा करना होगा।
एलएम तिवारी, सहायक अभियंता, एनएच