जिले में 471 ग्राम पंचायतों का गठन, सभी ने ली शपथ, अभी आठ का गठन है बाकी nainital news
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के तहत उपचुनाव के बाद जनपद में 479 के सापेक्ष 471 ग्राम पंचायतों का गठन हो गया है। प्रशासन द्वारा तय स्थानों पर सभी सदस्य ग्राम पंचायतों को शपथ दिलाई गई।
भीमताल, जेएनएन : त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के तहत उपचुनाव के बाद जनपद में 479 के सापेक्ष 471 ग्राम पंचायतों का गठन हो गया है। प्रशासन द्वारा तय स्थानों पर सभी सदस्य ग्राम पंचायतों को शपथ दिलाई गई। वहीं अब भी जनपद में आठ ग्राम पंचायतें गठित नहीं हो पाई हैं। उपचुनाव के बाद गठित 321 ग्राम पंचायतों की खुली बैठक शनिवार को आयोजित होनी है। इधर उपचुनाव के बाद रामनगर, हल्द्वानी, भीमताल में सभी ग्राम पंचायतों का गठन हो चुका है तो वहीं कोटाबाग में 1, धारी में 3, रामगढ़ में 1,ओखलकांडा में 1 बेतालघाट में 2 का गठन नहीं हो पाया है।
इन ग्राम पंचायतों में कोटाबाग की ग्राम पंचायत बगड़तल्ला, धारी में ग्राम पंचायत अमदों, हरिनगर सरना, पनियाली ग्राम पंचायत, विकासखंड रामगढ़ में ग्राम पंचायत छियोड़ी, वार्ड सदस्य पूर्ण नहीं होने के कारण गठित नहीं हो पाई है। ओखलकांडा ब्लाक के अन्तर्गत ग्राम पंचायत जोस्यूड़ा और बेतालघाट की ग्राम पंचायत रोपा में प्रधान पद का नामांकन नहीं होने के कारण गठन नहीं हो पाया है। वहीं ग्राम पंचायत सीम में प्रधान व वार्ड सदस्यों का नामांकन नहीं होने के कारण गठन शेष है।
32 प्रधानों ने ली शपथ, अब करेंगे प्रधानी
हल्द्वानी : पंचायत चुनाव के परिणाम आने के दो माह बाद हल्द्वानी के 32 ग्राम प्रधानों ने आखिर शुक्रवार को शपथ ले ली। इन गांवों में वार्ड मेंबर पद खाली होने की वजह से अभी तक मामला अटका हुआ था। अब जल्द ही ब्लॉक प्रशासक का चार्ज हट जाएगा, जिसके बाद प्रधानों को अपना बस्ता भी मिल जाएगा। हल्द्वानी ब्लॉक में साठ ग्राम प्रधान हैं। 28 ग्राम प्रधान पूर्व में शपथ लेकर ग्राम पंचायत का गठन कर चुके हैं। लेकिन 32 गांवों में असमंजस की स्थिति बन गई थी। इसके बाद यहां दोबारा वार्ड मेंबर के चुनाव कराए गए। हल्द्वानी में सिर्फ 11 पदों पर चुनाव हुए, बाकि सभी का निर्विरोध निर्वाचन हो गया। शुक्रवार को ब्लॉक परिसर में ग्राम विकास अधिकारी यशवंत सिंह बोरा ने नवनिर्वाचित प्रधान व वार्ड मेंबर को शपथ दिलाई। इसके अलावा गौलापार कुंवरपुर पंचायत में ग्राम प्रधान चित्रा बिष्ट, लीला बिष्ट समेत सात प्रधान व 80 मेंबर को सहायक खंड विकास अधिकारी श्याम सिंह नेगी ने शपथ दिलाई।
यह भी पढ़ें : सड़कों का प्रस्ताव देने में भगत पहले तो दुम्का तीसरे नंबर पर, आरटीआइ से मिली जानकारी