First Snowfall of Season : उत्तराखंड की उच्च हिमालयी चोटियों पर हुआ मौसम का पहला हिमपात
First Snowfall of Season पिथौरागढ़ जिले में उच्च हिमालय की ऊंची चोटियों पर मौसम का पहला हिमपात हो गया है। इससे मुनस्यारी सहित आसपास के क्षेत्रों में ठंड बढ़ गई है। हिमालय की ऊंची चोटियों में मध्य जून से लेकर मध्य अगस्त तक हिमपात नहीं होता है।
संवाद सूत्र, मुनस्यारी (पिथौरागढ़) : First Snowfall of Season : पिथौरागढ़ जिले में उच्च हिमालय की ऊंची चोटियों पर मौसम का पहला हिमपात हो गया है। इससे मुनस्यारी सहित आसपास के क्षेत्रों में ठंड बढ़ गई है। हिमालय की ऊंची चोटियों में मानसून के सक्रिय होने के बाद मध्य जून से लेकर मध्य अगस्त तक हिमपात नहीं होता है। गुरुवार की रात जहां निचले क्षेत्रों में भारी बारिश हुई वहीं राजरंभा, पंचाचूली सहित अन्य ऊंची चोटियों में मौसम का पहला हिमपात हुआ है। हिमपाच के कारण चोटियां सफेद नजर आने लगीं।
12 फीट के करीब पहुंचा नैनीझील का जलस्तर
पिछले करीब एक सप्ताह से सुस्त पड़े मानसून ने फिर से रफ्तार पकड़ ली है। सरोवर नगरी में गुरुवार रात से शुरू हुई बारिश शुक्रवार देर शाम तक जारी रही। इस बीच नैनीझील का जलस्तर बढ़कर 12 फीट के करीब जा पहुंचा है। गुरुवार आधी रात से मूसलधार बारिश शुरू हो गई थी। इसके बाद रुक-रुककर बारिश होते रही। दिन में कुछ घंटे बारिश का दौर थमने के बाद लग रहा था कि अब बारिश नहीं होगी, लेकिन शाम को फिर से शुरू हो गई। सिंचाई विभाग झील नियंत्रण कक्ष के जेई नीरज तिवारी ने बताया कि नैनीझील का जलस्तर 11.9 फीट जा पहुंचा है। 12 फीट पहुंचते ही झील से पानी की निकासी शुरू हो जाएगी।
हल्द्वानी में 30 डिग्री के करीब पहुंचा अधिकतम पारा
बारिश का दौर फिर शुरू हो गया है। शुक्रवार तड़के नैनीताल जिले के अधिकांश हिस्सों में बारिश हुई। हल्द्वानी में शाम के समय भी बूंदाबांदी हुई। बारिश के बाद तापमान में गिरावट आने से मौसम सुहावना हो गया है। बारिश को धान समेत खरीफ की फसल के लिए फायदेमंद बताया जा रहा है। शुक्रवार को हल्द्वानी का अधिकतम तापमान 30.1 डिग्री व न्यूनतम 23.6 डिग्री रहा। सुबह साढ़े आठ बजे के आंकड़े के मुताबिक हल्द्वानी में 93 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। जिले में सर्वाधिक 123 मिमी बारिश चोरगलिया में दर्ज हुई।