Eid al-Adha 2021 : कुर्बानी से पहले अदा की नमाज, अमन-चैन की मांगी दुआ
Eid al-Adha 2021 ईद-उल-अजहा यानी बकरीद पर बुधवार को मुस्लिम समाज के लोगों ने मुल्क में अमन-चैन और भाईचारा कायम रहने की दुआ मांगी। कोरोना महामारी के खात्मे की भी दुआ की गई। हल्द्वानी के ईदगाह में सुबह सात बजे सीमित लोगों ने ईद की नमाज पढ़ी।
जागरण संवाददाता, हल्द्वानी : Eid al-Adha 2021 : ईद-उल-अजहा यानी बकरीद पर बुधवार को मुस्लिम समाज के लोगों ने मुल्क में अमन-चैन और भाईचारा कायम रहने की दुआ मांगी। कोरोना महामारी के खात्मे की भी दुआ की गई। हल्द्वानी के ईदगाह में सुबह सात बजे सीमित लोगों ने ईद की नमाज पढ़ी। जामा मस्जिद, गफारी मस्जिद, बड़ी मस्जिद समेत शहर के अन्य मस्जिदों में भी अकीदतमंदों ने नमाज पढ़ी। कई मस्जिदों में सुबह 6:00 बजे से पहले ही नमाज अदा कर दी गई। ईदगाह के बाहर सुरक्षा और व्यवस्था बनाने के लिए पुलिस बल तैनात रहा। सिटी मजिस्ट्रेट ऋचा सिंह भी स्थिति का जायजा लेने पहुंचीं। कोरोना संक्रमण को देखते हुए कई लोगों ने घरों में ही नमाज अदा की और एक दूसरे को ईद की बधाई दी। बकरीद की नमाज के बाद कुर्बानी दी गई। प्रशासन ने कुर्बानी में साफ सफाई का विशेष ध्यान रखने की अपील की है।
नैनीताल में पुलिस के पहरे में पढ़ी गई नमाज
जिला मुख्यालय में बकरीद का पर्व कोविड महामारी की वजह से सादगी के साथ मनाया जा रहा है। मल्लीताल जामा मस्जिद में सिर्फ 50 लोगों को ही नमाज की अनुमति दी गई। बुधवार सुबह सख्त पुलिस पहरे के बीच ईमाम अब्दुल खालिक द्वारा नमाज अदा कराई गई। इस दौरान मुल्क में अमन चैन तथा कोरोना महामारी के खात्मे की दुआ मांगी गई। मस्जिद में 50 की संख्या पार होने के बाद लोगों को रोक दिया गया। कोतवाल अशोक कुमार सिंह समेत पुलिस फोर्स तैनात है।
मोबाइल कारोबारी ने 52 हजार में खरीदा बकरा
मंगलवार को बनभूलपुरा क्षेत्र में बकरा बाजार सजा। उत्तर प्रदेश के बिलासपुर, मुरादाबाद व रामपुर से व्यापारी बकरों के साथ पहुंचे थे। पिछले एक सप्ताह से शहर में जमे हुए थे। ठंडी सड़क स्थित मोबाइल शॉप चलाने वाले कारोबारी ने 52 हजार रुपये में बकरा खरीदा। करीब 70 किलो वजनी बकरे को बनभूलपुरा निवासी बकरी कारोबारी ने बेचा। इसके अलावा 15 हजार से लेकर 30 हजार रुपये कीमत में बकरियों की बिक्री हुई। लाइन नंबर आठ के सात लोगों ने एक लाख रुपये में भैंसा खरीदा। टनकपुर रोड रेलवे क्रॉसिंग स्थित बकरा मंडी रात 12 बजे गुलजार रही।