चलती कार पर गिरा पेड़, बाल-बाल बचे शिक्षक
लालाचौड़ से कालाढूंगी आ रहे एक शिक्षक की कार पर विशालकाय पेड़ गिर गया।
संवाद सहयोगी, कालाढूंगी : दो दिन से हो रही बारिश से यहां जनजीवन प्रभावित होने लगा है। इस बीच बुधवार सुबह लामाचौड़ से कालाढूंगी आ रहे एक शिक्षक की कार पर विशालकाय पेड़ गिर गया। गनीमत रही समय रहते शिक्षक ने ब्रेक लगा दिए। इस घटना में कार सवार शिक्षक चोटिल हो गए। पेड़ गिरने से सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
यहां लामाचौड़ के बच्ची नगर निवासी त्रिलोचन जोशी जीआइसी कालाढूंगी में शिक्षक हैं। बुधवार सुबह वह वैगनार कार से विद्यालय आ रहे थे। तभी हल्द्वानी-कालाढूंगी मार्ग पर भाखड़ा नदी व निहाल नदी के मध्य विशालकाय पीपलमरमरी का पेड़ गिरने लगा। पेड़ गिरता देख उन्होंने तुरंत ब्रेक लगाए। कार रुकते ही पेड़ गिर गया और कार का अगला हिस्से उसके नीचे दब गया। हादसे में कार सवार शिक्षक त्रिलोचन जोशी चोटिल हो गए। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें कार से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। पेड़ गिरते ही सड़क बाधित हो गई और काफी देर तक वाहनों का आवागमन ठप हो गया। पुलिस व वन कर्मियों ने आरे से पेड़ के तने व टहनियों को काटकर बमुश्किल यातायात सुचारू कराया।
इधर बुधवार सुबह हुई बारिश से रामनगर-कालाढूंगी हाईवे पर स्थित मेथिशाह नाला उफान पर आ गया। इस बीच वहां से गुजर रहा दुग्ध वाहन पानी के बहाव तथा उसके साथ बहकर आ रहे मलबे में फंस गया। इससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। कुछ समय बाद पानी का बहाव कम होने पर स्थानीय पुलिस कर्मियों ने जेसीबी की मदद से दुग्ध वाहन को बाहर निकालवा कर मार्ग पर यातायात बहाल कराया। पुलिस टीम में लखविन्दर सिंह, प्रकाश चन्द्र, आशुतोष आदि थे।