आदि कैलाश यात्रा का अंतिम 20वां दल जागेश्वर से भीमताल पहुंचा NAINITAL NEWS
साहसिक पर्यटन अधिकारी गिरधर मनराल और प्रबंधक यतीश पंत ने केएमवीएन के यात्री विश्राम गृह में यात्रियों का स्वागत किया। यात्रा में 12 यात्री सम्मलित हैं।
भीमताल, जेएनएन : आदि कैलाश यात्रा का अंतिम यानी 20वां दल शुक्रवार को जागेश्वर से भीमताल पहुंचा। इस दौरान साहसिक पर्यटन अधिकारी गिरधर मनराल और प्रबंधक यतीश पंत ने केएमवीएन के यात्री विश्राम गृह में यात्रियों का स्वागत किया। यात्रा में 12 यात्री सम्मलित हैं।
भीमताल में यात्रियों को प्रतीक चिह्न और प्रमाण पत्र वितरित किए गए। यात्रियों ने कुटी में होम स्टे की व्यवस्था में सुधार करने की मांग की। उन्होंने कहा कि होम स्टे में व्यवस्था के नाम पर न तो उनको भोजन अच्छा मिला और न ही शौचालय की व्यवस्था ही ठीक थी। यात्रियों ने कुमाऊं मंडल विकास निगम के गेस्ट हाउस और उनके कर्मचारियों की तारीफ की। पंकज गुप्ता, मोहन आर्य, मोहन बेलवाल, महेंद्र, नारायण आदि ने यात्रा का सुखद अनुभव वाला बताया। समन्वयक विरेंद्र सिंह ने बताया कि यात्रा के दौरान कहीं भी कोई प्राकृतिक रुकावट नहीं आई।
25 सालों में 3945 यात्री कर चुके हैं आदि कैलास यात्रा
साहसिक पर्यटन अधिकारी गिरधर सिंह मनराल ने बताया कि कुमाऊं मंडल विकास निगम के द्वारा आदि कैलास यात्रा का संचालन 1994 से किया जा रहा है। 2019 तक 178 बैच के माध्यम से 3945 यात्री यात्रा कर चुके हैं। इस साल 949 यात्रियों ने आवेदन किया था, जिसमें से 923 यात्रियों ने यात्रा की। वहीं कैलास मानसरोवर यात्रा में 1981 से 478 दलों के माध्यम से 17794 यात्रियों ने यात्रा पूरी की है।