कांग्रेस में शामिल होंगे सैकड़ों युवा: हरपाल सिंह रावत
वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरपाल सिंह रावत ने कहा कि पूरे उत्तराखंड में कांग्रेस की लहर है। भाजपा की झूठी घोषणाओं व कोरी बयानबाजी से प्रदेश की जनता त्रस्त है। पेट्रोल डीजल रसोई गैस समेत रोजमर्रा के जरूरत की तमाम चीजों की आसमान छूती महंगाई ने आमजन का जीना मुहाल कर दिया है।
जागरण संवाददाता, हरिद्वार: वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरपाल सिंह रावत ने कहा कि पूरे उत्तराखंड में कांग्रेस की लहर है। भाजपा की झूठी घोषणाओं व कोरी बयानबाजी से प्रदेश की जनता त्रस्त है। पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस समेत रोजमर्रा के जरूरत की तमाम चीजों की आसमान छूती महंगाई ने आमजन का जीना मुहाल कर दिया है। इस कारण देश की जनता कांग्रेस की ओर आशा भरी निगाहों से देख रही है।
शनिवार को कनखल में युवा शक्ति मंच कार्यालय पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने बताया कि राहुल गांधी के युवाओं के राजनीति में आने के आह्वान से प्रेरित होकर युवा शक्ति मंच के अध्यक्ष यश मिश्रा के नेतृत्व में सैकड़ों युवा रविवार को कांग्रेस में शामिल होंगे। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव हरीश रावत व कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल युवाओं को कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कराएंगे। पूर्व पालिका अध्यक्ष सतपाल ब्रह्मचारी ने कहा कि प्रदेश की जनता के साथ हरिद्वार की जनता इस बार परिवर्तन के मूड में दिखाई दे रही है और युवा शक्ति के नेतृत्व में ये परिवर्तन होकर रहेगा। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अनिल भास्कर ने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों से समाज का प्रत्येक वर्ग निराश व परेशान है। केंद्र की मोदी सरकार देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ किसानों को कुचलने का प्रयास कर रही है। इसी कारण युवाओं का रुझान तेजी से कांग्रेस की ओर बढ़ रहा है। पत्रकार वार्ता में संजय शर्मा, संजय सैनी, सत्यनारायण शर्मा, हिमांशु बहुगुणा, तरुण व्यास, बृजमोहन बड़थ्वाल, नितिन तेश्वर, आभास शर्मा, सूरज चैधरी, अमन, हेमंत, करन चौधरी, अभिषेक, शुभम चौधरी आदि उपस्थित रहे।