कलियर में बिरयानी विक्रेता का दिनदहाड़े अपहरण, होटल में घुसकर बेरहमी से पीटा
कलियर में दिनदहाड़े दिल्ली नंबर की कार में आए युवकों ने बिरयानी विक्रेता रज्जाक का अपहरण कर लिया। उसे कार ...और पढ़ें
HighLights
बिरयानी विक्रेता का दिनदहाड़े दिल्ली नंबर की कार से अपहरण।
पीड़ित को होटल और कमरे में ले जाकर बेरहमी से पीटा।
हमलावर रिश्तेदार निकले, पुलिस जांच में जुटी।
संवाद सूत्र, जागरण, कलियर। कलियर थाना पुलिस की नाक के नीचे दिल्ली नंबर की कार में आए बेखौफ युवकों ने बिरयानी विक्रेता का दिनदहाड़े अपहरण कर लिया। युवक को कार में डालकर बंधक बनाकर पीटा गया।
युवक वहां से बचकर होटल में घुसा तो वहां पर भी उसे बेरहमी से पीटा गया। बेसुध होने पर उसे रेहड़े में डालकर एक कमरे में ले गए और फिर बंधक बनाकर पीटा। इसके बाद पुलिस के आने से पहले ही आरोपित वहां से फरार हो गए।
घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है और कलियर पुलिस पर सवाल उठ रहे हैं। पीड़ित के मुताबिक हमलावर उसके रिश्तेदार हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कलियर के मोहल्ला जवाई कलां निवासी रज्जाक कलियर दरगाह के पहाड़ी गेट पर बिरयानी की ठेली लगाता है। गुरुवार सुबह करीब 10.30 बजे वह पैदल अपने काम पर जा रहा था।
जैसे ही वह नये गंगनहर पुल पर पहुंचा तो दिल्ली नंबर की सफेद रंग की कार वहां आकर रुकी। कार सवार युवकों ने जबरन उसे गाड़ी में डाल दिया। आरोप है कि बंधक बनाकर उसे बुरी तरह से पीटा गया।
कार सवार उसे मुकर्रबपुर की तरफ ले जाने लगे। इसी बीच सामने से वाहन आने पर कार धीमी हो गई। इसका फायदा उठाकर युवक कार से कूद गया और जान बचाने के लिए शोर मचाते हुए वहां से भागा।
इसके बाद आरोपित भी कार छोड़कर उसके पीछे दौड़ पड़े। जान बचाने के लिए युवक एक होटल में घुस गया। उसके पीछे पीछे आए आरोपितों ने उसे होटल के अंदर घुसकर पकड़ लिया और बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया।
पिटाई से युवक बेसुध हो गया। इसके बाद आरोपित उसे एक रेहड़े में डालकर ले गए। उसे एक कमरे में ले जाकर फिर से पीटा गया। इसी बीच किसी ने इसकी सूचना उसके भाई को दी।
रज्जाक के भाई ने पुलिस को मामले से अवगत कराया। इसके बाद पुलिस आनन-फानन में मौके पर पहुंची। पुलिस की भनक मिलने पर आरोपित रज्जाक को कमरे में छोड़कर फरार हो गए।
वहीं, रज्जाक का कहना है कि हमलावर उसके रिश्तेदार हैं। सीओ नरेंद्र पंत ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी मिली है। मामले की जांच की जा रही है।
आरोपितों ने 15 मिनट तक मचाया तांडव
रज्जाक को कार से उठाने व उसे कार से लेकर कमरे तक पीटने का घटनाक्रम करीब 15 मिनट तक चला। 15 मिनट तक आरोपित दुस्साहस दिखाते रहे, लेकिन पुलिस नजर नहीं आई। पीड़ित के भाई की सूचना के बाद ही पुलिस हरकत में आई थी।
इससे पुलिस की सक्रियता पर सवाल उठ रहे हैं। घटना की बेरहमी का अंदाजा वीडियो से आसानी से लगाया जा सकता है।
यह भी पढ़ें- रुड़की के कमेलपुर गांव में दो पक्षों के बीच हुआ संघर्ष, रंजिश के चलते जमकर चले ईंट-पत्थर
यह भी पढ़ें- रुड़की में नर्सिंग होम कर्मचारियों के बीच लाठी-डंडे चले, कई घायल
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।