होटल के बाथरूम में नहा रही महिला का वीडियो बनाया, हंगामा
जागरण संवाददाता, रुड़की: शहर के एक होटल के बाथरूम में नहा रही महिला का एक कर्मचार
जागरण संवाददाता, रुड़की: शहर के एक होटल के बाथरूम में नहा रही महिला का एक कर्मचारी ने वीडियो बनाया। पुलिस के आने से पहले ही कर्मचारी ने वीडियो डिलीट कर दिया। पुलिस ने महिला के सामने कर्मचारियों की परेड कराई, लेकिन महिला कर्मचारी को नहीं पहचान पाई। इस मामले को लेकर होटल में करीब एक घंटे तक हंगामा होता रहा।
गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के देहरादून रोड पर एक होटल है। शुक्रवार रात दिल्ली से एक परिवार शहर में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने आया था। यह परिवार देहरादून रोड स्थित इस होटल में कमरा लेकर रुका था। आरोप है कि रात करीब 10 बजे दिल्ली के इस परिवार की एक महिला कमरे के बाथरूम में नहा रही थी। बाथरूम में नहा रही एक महिला का होटल के कर्मचारी ने मोबाइल से वीडियो बना लिया। इसी बीच महिला की इस पर नजर पड़ गई। महिला ने शोर मचाया तो कर्मचारी वहां से भाग खड़ा हुआ। शोर मचाने पर महिला के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। महिला ने परिजनों को पूरे मामले की जानकारी दी। जिस पर परिजनों ने होटल में हंगामा कर दिया। होटल के कर्मचारियों ने समझाने का प्रयास किया, लेकिन परिजन पुलिस को बुलाने की मांग पर अड़ गए। हंगामा बढ़ने पर होटल प्रबंधन ने इसकी सूचना गंगनहर पुलिस को दी। सूचना मिलने पर गंगनहर पुलिस मौके पर पहुंची। महिला ने पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी। हालांकि होटल प्रबंधन ने किसी भी कर्मचारी के वीडियो बनाने की बात से इंकार कर दिया। पुलिस ने होटल के सभी कर्मचारियों की महिला के सामने परेड कराई लेकिन महिला उस कर्मचारी को नहीं पहचान पाई। महिला ने बताया कि वह वीडियो बनाने वाले कर्मचारी का चेहरा नहीं देख पाई। मौके पर पहुंचे एसआइ प्रदीप कुमार ने होटल में लगे सीसीटीवी कैमरे और कर्मचारियों के मोबाइल की जांच पड़ताल की। पुलिस न तो किसी कर्मचारी को ट्रेस कर पाई और न ही किसी कर्मचारी के मोबाइल में पुलिस को वीडियो नहीं मिला। महिला और इसके परिजनों ने आरोप लगाया कि आरोपित कर्मचारी ने वीडियो फुटेज डिलीट कर दी है। परिजन इन सभी के मोबाइल की फॉरेंसिक जांच की मांग करने लगे। पुलिस ने बताया कि बिना मुकदमा दर्ज हुए फॉरेंसिक जांच नहीं हो सकती। इसके बाद ही महिला और इसके परिजन शांत हुए। इस मामले में अभी तक पुलिस को तहरीर नहीं दी गई है। एसआइ प्रदीप कुमार ने बताया कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।