नशे में चूर ग्रामीण ने भाई-भतीजे पर किया हमला Haridwar News
मंगलौर क्षेत्र में शराब के नशे में चूर एक ग्रामीण ने अपने भाई और भतीजे पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में गंभीर घायल भतीजे को दून रेफर किया गया है।
रुड़की, जेएनएन। मंगलौर क्षेत्र में शराब के नशे में चूर एक ग्रामीण ने अपने भाई और भतीजे पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में गंभीर घायल भतीजे को दून रेफर किया गया है। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मंगलौर कोतवाली के ग्राम नारसन कला निवासी सुनील कुमार ने पुलिस को बताया कि वह अपने पुत्र मोहित और स्वजनों के साथ घर पर खाना खा रहा था। तभी उसका भाई अनिल कुमार शराब के नशे में घर पर पहुंचा और गाली-गलौच शुरू कर दी। उसके समझाने पर भी आरोपित नहीं माना और मारपीट शुरू कर दी।
इसके बाद आरोपित मकान की तीसरी मंजिल पर चला गया। यहां पर भी हंगामा किया। सुनील ने बताया कि इस दौरान जब वह अपने बेटे मोहित को ऊपर के कमरे में छोड़ने जा रहा था। तभी अनिल ने उस पर धारदार हथियार से वार कर दिया। इस हमले में उसका बेटा मोहित गंभीर रूप से घायल हो गया।
इसके बाद वह लहूलुहान हालत में अपने बेटे को अस्पताल ले जाने लगा तो आरोपित कार के सामने आ गया। आरोपित ने कार के शीशे को भी तोड़ दिया। साथ ही जान लेने की नीयत से हमला कर दिया। किसी तरह से जान बचाकर वह मंगलौर अस्पताल पहुंचा।
यहां से गंभीर हालत देखते हुए उसके बेटे को डॉक्टरों ने हायर सेंटर दून रेफर कर दिया है। घायल मोहित का देहरादून में उपचार चल रहा है। पुलिस ने सुनील कुमार की तहरीर पर उसके भाई अनिल कुमार के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
पतंग छीनने को लेकर विवाद
मंगलौर क्षेत्र में पतंग छीनने को लेकर हुए बवाल के मामले में पीड़ित पक्ष की ओर से 11 के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। तहरीर में दो युवकों पर युवती के साथ छेड़छाड़ का आरोप भी लगाया गया है। मंगलौर कस्बे में पतंग छीनने को लेकर दो पक्षों में कहासुनी हो गई थी। इसके बाद पथराव हो गया। पथराव में दो महिला समेत चार लोग घायल हो गए। आरोपितों ने एक घर के बाहर खड़ी कार को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।
पीड़ित पक्ष के वसीम ने 11 लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। इन लोगों पर मारपीट, गाली-गलौच के अलावा पथराव करने का आरोप है। साथ ही दो युवकों पर एक युवती के साथ छेड़छाड़ करने का आरोप भी लगाया है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रदीप चौहान ने बताया कि एक पक्ष की ओर से तहरीर आई है। जांच की जा रही है। इसके बाद मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
पिता से विवाद होने पर बेटे ने की फायरिंग
नारसन कलां गांव में एक बेटे ने पिता के साथ संपत्ति विवाद को लेकर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आरोपित बेटे को गिरफ्तार कर मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपित के कब्जे से तमंचा भी बरामद किया है।
नारसन कलां गांव निवासी यशपाल किसान हैं। यशपाल का बेटे सोहन सिंह आर्य उर्फ बारू से संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा है। इसके चलते ही देर रात को पिता-पुत्र के बीच विवाद हो गया। विवाद के चलते ही दोनों के बीच तीखी नोकझोंक हो गई।
आरोप है कि इस दौरान बेटे ने गुस्से में आकर पिता को डराने के लिए तमंचे से हवाई फायरिंग कर दी। फायरिंग होते ही मौके पर अफरतफरी मच गई। फायरिंग की आवाज सुनकर लोग घरों से बाहर आ गए। इसी बीच ग्रामीणों को मौके पर आता देख आरोपित फरार हो गए। घटना के बाद पिता यशपाल ने बेटे की करतूत पुलिस को बताई।
यह भी पढ़ें: झगड़े की सूचना पर गांव में पहुंची पुलिस पर हुआ पथराव, भागकर बचाई जान
पुलिस ने इस मामले में पिता की तहरीर पर सोहन सिंह पर मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस ने फायरिंग करने वाले आरोपित सोहन सिंह को गिरफ्तार कर लिया। आरोपित की निशानदेही पर पुलिस ने तमंचा बरामद किया है।
यह भी पढ़ें: चिकित्सक ने विधायक की पत्नी और बेटे से की अभद्रता, जमकर हुआ हंगामा