विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरिद्वार के गन्ना किसानों को राहत, उत्तम शुगर मिल लिब्बरहेड़ी ने 18.75 करोड़ रुपये का किया भुगतान

Published: Tue, 24 Nov 2026 01:01 AM (IST)

उत्तम शुगर मिल लिब्बरहेड़ी ने 12-19 नवंबर के गन्ने के लिए किसानों को 18.75 करोड़ रुपये का भुगतान जारी किया है। मिल सहफसली खेती के लिए निःशुल्क एफआईआरबी मशीन और लाल सड़न रोग नियंत्रण हेतु ट्राइकोडर्मा भी उपलब्ध करा रही है।

उत्तम शुगर मिल लिब्बरहेड़ी। फोटो स्रोत- इंटरनेट

उत्तम शुगर मिल लिब्बरहेड़ी। फोटो स्रोत- इंटरनेट

HighLights

  1. मिल ने 18.75 करोड़ रुपये का गन्ना भुगतान जारी किया।

  2. किसानों को सहफसली खेती के लिए निःशुल्क मशीन मिलेगी।

  3. लाल सड़न रोग नियंत्रण हेतु ट्राइकोडर्मा अभियान चलाया जा रहा है।

संवाद सहयोगी, मंगलौर (हरिद्वार)। उत्तम शुगर मिल लिब्बरहेड़ी ने किसानों को बड़ी राहत देते हुए 12 से 19 नवंबर तक खरीदे गए गन्ने का 18.75 करोड़ रुपये का भुगतान जारी कर दिया है। यह धनराशि संबंधित गन्ना समितियों के माध्यम से किसानों के बैंक खातों में भेजने के लिए दी गई है।

चीनी मिल के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अजय खंडेलवाल ने बताया कि मिल प्रबंधन भविष्य में भी इसी प्रकार समयबद्ध तरीके से गन्ना मूल्य का भुगतान करता रहेगा। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे अपना समस्त गन्ना अपनी ही चीनी मिल को आपूर्ति करें ताकि मिल अपने पेराई लक्ष्य को समय पर पूरा कर सके। साथ ही उन्होंने किसानों से समिति द्वारा एसएमएस मिलने के बाद ही गन्ने की छिलाई करने और मिल को केवल साफ, स्वच्छ व ताजा गन्ना ही आपूर्ति करने का आग्रह किया।

सहफसली खेती के लिए निश्शुल्क मिलेगी मशीन

मंगलौर के लिबरहेड़ी उत्तम शुगर मिल के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अजय खंडेलवाल ने किसानों को गेहूं के साथ गन्ने की बुआई सहफसली खेती करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि किसानों की मांग को देखते हुए मिल ने आधुनिक एफआइआरबी मशीन मंगाई है जो किसानों के लिए पूरी तरह निश्शुल्क उपलब्ध है।

किसान मिल के गन्ना विभाग से संपर्क कर इसे बुक कर सकते हैं। इस विधि के लाभ गिनाते हुए उन्होंने बताया कि किसान अभी खेत में गेहूं की बुआई कर सकते हैं और उसी खेत में फरवरी माह में गन्ना लगा सकते हैं। इससे गेहूं की पैदावार में 15 से 20 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी होती है।

गन्ना प्रजाति को-0238 में लग रहे लाल सड़न रोग के प्रभाव को नियंत्रित करने के लिए मिल द्वारा हर खेत तक ट्राइकोडर्मा अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत मिल में किसानों के लिए पर्याप्त मात्रा में ट्राइकोडर्मा उपलब्ध कराया गया है ताकि फसल को रोगमुक्त रखा जा सके।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।