अंडरपास निर्माण को प्रशासन ने की पहल
संवाद सूत्र लक्सर नगर में कई सालसे अधर में लटके अंडरपास के निर्माण के लिए प्रशासन ने अब ज
संवाद सूत्र, लक्सर: नगर में कई सालसे अधर में लटके अंडरपास के निर्माण के लिए प्रशासन ने अब जाकर पहल की है। उपजिलाधिकारी ने मंडल रेल प्रबंधक को पत्र भेजकर नगर में रेल अंडरपास का निर्माण कार्य आरंभ कराए जाने का अनुरोध किया है। वर्ष 2010 में नगर में पुरकाजी-हरिद्वार मार्ग पर रेल ओवरब्रिज बनने के बाद नगर के मुख्य मार्ग पर स्थित रेलवे क्रासिंग को बंद कर दिया गया था। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उपजिलाधिकारी पूरण सिंह राणा ने मंडल रेल प्रबंधक को पत्र भेजकर बताया कि अंडर पास का निर्माण नहीं होने के कारण नगर में रोजाना बड़ी संख्या में लोग व स्कूली छात्र-छात्राएं अपनी जान जोखिम में डालकर लाइन क्रास कर रहे हैं। अंडरपास नहीं होने के कारण, दुपहिया वाहन व रिक्शा आदि को भी इधर से उधर जाने के लिए ओवरब्रिज से करीब एक किलोमीटर का चक्कर लगाना पड़ता है। उपजिलाधिकारी ने डीआरएम को बताया कि अंडरपास को स्वीकृति मिलने के बावजूद अभी तक नगर में अंडरपास का निर्माण कार्य आरंभ नहीं हो सका है। उन्होंने मंडल रेल प्रबंधक से लक्सर में रेल अंडरपास का निर्माण शीघ्र आरंभ कराए जाने का अनुरोध किया है।