आज गिरेगा पाला, सर्द रहेगा मौसम
शहर और आसपास के क्षेत्रों में सुबह कोहरा छाया रहा। जबकि दोपहर में हल्की धूप खिली।
जागरण संवाददाता, रुड़की : शहर और आसपास के क्षेत्रों में सुबह कोहरा छाया रहा। जबकि दोपहर में हल्की धूप खिली। वहीं मौसम विशेषज्ञों के अनुसार शनिवार को पाला पड़ने की संभावना है।
शुक्रवार को अलसुबह से लेकर सुबह नौ बजे तक कोहरा छाया रहा, जिस वजह से सुबह मौसम सर्द बना रहा। सुबह साढ़े ग्यारह बजे के बाद मौसम साफ हुआ और हल्की धूप खिल गई। धूप की चमक कम होने की वजह से शहरवासियों को दोपहर में भी ठंड से कोई खास राहत नहीं मिली। अधिकतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जोकि सामान्य से 7.9 डिग्री सेल्सियस कम रहा। जबकि न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आइआइटी) रुड़की के जल संसाधन विकास एवं प्रबंधन विभाग में संचालित ग्रामीण कृषि-मौसम सेवा परियोजना से मिली जानकारी के अनुसार 19 दिसंबर को पाला पड़ने की संभावना है। यानी रात के तापमान में भी गिरावट आएगी। उधर, आइआइटी रुड़की स्थित कृषि-मौसम वेधशाला के प्रतिदिन के मौसम आंकड़ों पर गौर करें तो 13-18 दिसंबर तक के न्यूनतम तापमान के आंकड़े सामान्य अथवा सामान्य से मामूली कम रिकॉर्ड किए गए हैं। जिनके अगले दो दिनों तक काफी अधिक नीचे चले जाने का अनुमान है। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार उत्तराखंड के विशेष रूप से हरिद्वार जिले में 19 दिसंबर को कोल्ड डे अथवा अत्यधिक कोल्ड डे की स्थिति बने रहने की संभावना है।
------------
19 व 20 दिसंबर को चलेगी शीतलहर
रुड़की: परियोजना के तकनीकी अधिकारी डॉ. अरविद कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि जब दिन का तापमान (अधिकतम तापमान) सामान्य तापमान से 4.5 डिग्री सेल्सियस से भी कम हो जाता है तो इसे मौसम विज्ञान की भाषा में कोल्ड डे कंडीशन कहते हैं। वहीं जब अधिकतम तापमान सामान्य तापमान से 6.5 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे चला जाता है तो यह स्थिति अत्यधिक कोल्ड डे कंडीशन की होती है। यह फसलों के साथ-साथ पशुओं का भी विशेष ध्यान देने वाली स्थिति होती है। उन्होंने बताया कि हरिद्वार जिले के कुछ भागों में 19 एवं 20 दिसंबर को शीतलहर चलने का पूर्वानुमान है। वहीं जिले में कुछ स्थानों पर 19, 21 एवं 22 दिसंबर को मध्यम से घना कोहरा छाया रह सकता है।