मच्छरों के आतंक से लोग हैं परेशान, डेंगू का डर
संवाद सूत्र लक्सर नगर में मच्छरों की फौज ने लोगों का जीना मुश्किल हो गया है। मच्छरों के क
संवाद सूत्र, लक्सर: नगर में मच्छरों की फौज ने लोगों का जीना मुश्किल हो गया है। मच्छरों के कारण क्षेत्र में डेंगू और मलेरिया जैसे रोगों का प्रकोप फैल रहा है। नगरपालिका प्रशासन नियमित फॉगिग व कीटनाशकों का छिड़काव नहीं करा रहा है। इसे लेकर स्थानीय लोगों में भी रोष व्याप्त है।
नगर के सीमली, केशवनगर, सोसायटी मार्ग, मेन बाजार, लोको कालोनी, हरिद्वार मार्ग, लक्सरी वार्ड, आंबेडकर नगर, मालगोदाम रोड, शिवपुरी, शुगर मिल कालोनी, गोवर्धनपुर मार्ग आदि इलाकों में लोग मच्छरों को आतंक से परेशान हैं। मच्छरों के कारण जहां लोग दिन में भी अपने घरों में आराम से नहीं बैठ पा रहे हैं। इससे क्षेत्र में डेंगू व मलेरिया का प्रकोप भी बढ़ रहा है। बताते चलें कि इस बार क्षेत्र में डेंगू ने पुराने सभी रेकार्ड तोड़ दिए हैं। क्षेत्र में इस बार डेंगू के करीब एक हजार मामले सामने आए हैं। नगर क्षेत्र में भी इस बार डेंगू के मामले पिछले तीन वर्ष की तुलना में सर्वाधिक हैं। मच्छरों के कारण लोगों को डेंगू का डर भी सता रहा है।
नगरपालिका प्रशासन की ओर से पिछले दिनों डेंगू के मामले सामने आने के बाद नगर में फॉगिग व कीटनाशकों का छिड़काव कराया गया था, लेकिन इसके बाद फॉगिग व कीटनाशकों का छिड़काव बंद हो गया। स्थानीय निवासी पंकज शर्मा, राजेश कुमार, राकेश कुमार, डॉ. राजेंद्र वर्मा, डॉ. विश्वास, राजू धीमान, आदि के अनुसार मच्छरों को काटने से डेंगू और मलेरिया का खतरा बना हुआ है। नगरपालिका प्रशासन की ओर से नियमित फॉगिग नहीं कराई जा रही है। लोगों ने नगर में फॉगिग व कीटनाशकों का छिड़काव कराए जाने की मांग की। वहीं, नगरपालिका के ईओ मोहम्मद गौहर हयात ने बताया कि नगर में नियमित अंतराल पर फॉगिग व कीटनाशकों का छिड़काव कराया जा रहा है। यदि किसी इलाके में फॉगिग नहीं हुई है तो वहां भी फॉगिग कराई जाएगी।