शिक्षक की बर्खास्तगी को बताया अवैध
रुड़की उत्तराखंड माध्यमिक शिक्षक संघ ने चौधरी भरत सिंह डीएवी इंटर कॉलेज के व्यायाम शि
रुड़की: उत्तराखंड माध्यमिक शिक्षक संघ ने चौधरी भरत सिंह डीएवी इंटर कॉलेज के व्यायाम शिक्षक की बर्खास्तगी पर विरोध जताते हुए मुख्य शिक्षा अधिकारी से बर्खास्तगी को वापस लिये जाने की मांग की है। चौधरी भरत सिंह डीएवी इंटर कॉलेज में व्यायाम शिक्षक के पद पर तैनात सुशील कुमार को प्रबंध समिति ने 14 अक्टूबर को बर्खास्त कर दिया है। उत्तराखंड माध्यमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष राजेश सैनी व जिला मंत्री जितेंद्र सिंह पुंडीर ने इस कार्रवाई को पूरी तरह से अवैध बताया है। उन्होंने कहा है कि नियमों के विरुद्ध यह कदम उठाया गया है। प्रबंध समिति ने इससे पहले 15 मई 2019 को भी व्यायाम शिक्षक सुशील कुमार को निलंबित कर दिया था। यह निलंबन अवैध मानते हुए तत्कालीन मुख्य शिक्षा अधिकारी ने 17 जून को यह निलंबन निरस्त कर दिया था। शिक्षक पर लगे सभी आरोप झूठे पाए गए थे। अब शिक्षक पर फिर से झूठे आरोप लगाते हुए उसकी सेवा समाप्त कर दी गई है। संघ ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को पत्र लिखकर शिक्षक सेवा समाप्ति को वापस लेने की मांग की है। (जासं)