विवाहिता की संदिग्ध परिस्थतियों में मौत
एक विवाहिता की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। मायके पक्ष ने हत्या की आशंका जताई है जबकि ससुराल पक्ष का कहना है कि विवाहिता ने फांसी लगाकर जान दी है। पुलिस ने फिलहाल शव कब्जे में लिया है। अभी तक तहरीर नहीं दी गई है।
संवाद सूत्र, कलियर: एक विवाहिता की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। मायके पक्ष ने हत्या की आशंका जताई है, जबकि ससुराल पक्ष का कहना है कि विवाहिता ने फांसी लगाकर जान दी है। पुलिस ने फिलहाल शव कब्जे में लिया है। अभी तक तहरीर नहीं दी गई है।
करीब आठ साल पहले महेशपुरा, काशीपुर निवासी एक युवती की मुलाकात कलियर निवासी युवक से हुई थी। युवती दरगाह में जियारत के लिए आई थी। दोनों ने मुलाकात होने के कुछ ही दिन बाद लव मैरिज की थी। बुधवार देर शाम विवाहिता की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। पति ने इसकी सूचना मायके पक्ष को दी। मायके पक्ष ने कलियर पुलिस को महिला की मौत की जानकारी देते हुए हत्या की आशंका जताई, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया था। मायके पक्ष के लोग हत्या की आशंका जता रहे हैं, जबकि ससुराल पक्ष के लोगों का कहना है कि विवाहिता ने बुधवार की शाम अपने कमरे में फांसी लगाई है। जब परिवार का एक सदस्य कमरे में पहुंचा, तो फंदे से शव लटका हुआ था। अभी तक पुलिस को इस मामले में तहरीर नहीं मिली है। थाना प्रभारी प्रकाश पोखरियाल ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह का पता चलेगा।