ससुरालियों पर बेटे को गायब करने का आरोप
जागरण संवाददाता, रुड़की: केल्हनपुर गांव निवासी एक महिला ने बेटे के ससुरालियों पर उसे गायब
जागरण संवाददाता, रुड़की: केल्हनपुर गांव निवासी एक महिला ने बेटे के ससुरालियों पर उसे गायब करने का आरोप लगाया है। महिला ने इस मामले में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट और एसपी देहात से शिकायत की है। परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने अभी तक गुमशुदगी भी दर्ज नहीं की है। भगवानपुर और रुड़की पुलिस इसे एक दूसरे के क्षेत्र का मामला बताकर उन्हें टरका रहे हैं।
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के केल्हनपुर गांव निवासी जहीरा ने शिकायत में बताया कि उनके बेटे सलमान की शादी भगवानपुर थाना क्षेत्र के मक्खनपुर गांव की युवती से करीब तीन साल पहले हुई थी। सलमान रुड़की के नगर निगम पुल के पास फूल बेचने का काम करता है। जहीरा का कहना है कि सलमान छह अगस्त की सुबह पत्नी को लेने ससुराल गया था। इसके बाद से वह लौटा नहीं है। महिला ने आरोप लगाया कि बेटे के ससुरालियों ने उसे गायब कर दिया है। महिला का कहना है कि बेटे के लापता होने से कुछ दिन पहले उसके साले ने घर आकर धमकी भी दी थी। महिला ने बेटे के साथ अनहोनी की आशंका जताते हुए कार्रवाई की मांग की है। एसपी देहात ने भगवानपुर पुलिस को मामले में कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।