हरिद्वार: शिवालिक नगर पालिका परिषद में 47 करोड़ का बजट पास, विकास कार्यों को मिलेगी गति
शिवालिकनगर पालिका परिषद ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 47 करोड़ रुपये का अनुमानित बजट सर्वसम्मति से स्वीकृत किया। इस बजट से नगर में विकास कार्यों को गति मिलेगी।

शिवालिक नगर पालिका बोर्ड की बैठक में मौजूद पालिकाध्यक्ष राजीव शर्मा और सभासद। जागरण

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सूत्र, रोशनाबाद (हरिद्वार)। नगर पालिका परिषद शिवालिकनगर की मंगलवार को हुई बोर्ड बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 का अनुमानित 47 करोड़ का बजट सर्वसम्मति से स्वीकृत किया गया।
इसमें राज्य वित्त आयोग, 15वें वित्त आयोग, मुख्यमंत्री घोषणाओं व अवस्थापना विकास निधि से मिलने वाली धनराशि को शामिल किया गया है।
इन मदों से लगभग 34 करोड़ रुपये प्राप्त होने का अनुमान है, जिससे नगर में विकास कार्यों को गति मिलेगी। बैठक में जनहित के 241 प्रस्ताव पारित किए गए।
बोर्ड बैठक में मुख्यतया वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट, निर्माण संबंधी कार्य और सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों का निस्तारण आदि विषयों पर चर्चा हुई।
इसके अलावा क्षेत्र के समग्र विकास, पर्यावरण संरक्षण तथा नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने पर जोर दिया गया।
बैठक में निर्णय लिया गया कि पर्यावरण संतुलन को बनाए रखने के लिए पालिका के सभी 13 वार्डों में ग्रीन बेल्ट विकसित की जाएगी।
इसके तहत बड़े स्तर पर पौधारोपण अभियान चलाया जाएगा और खाली पड़ी भूमि को हरित क्षेत्र के रूप में विकसित किया जाएगा।
पालिका प्रशासन का मानना है कि इससे न केवल प्रदूषण में कमी आएगी, बल्कि क्षेत्र की सुंदरता भी बढ़ेगी।
इसके अलावा नगर क्षेत्र की जनता की सुविधाओं को ध्यान में रखते सड़कों का निर्माण और मरम्मत, नालियों की सफाई और निर्माण, पेयजल व्यवस्था, पथ प्रकाश तथा सफाई व्यवस्था को दुरुस्त रखने संबंधी कई प्रस्ताव पारित किए गए।
पालिकाकर्मियों के कार्यों को प्रभावी बनाने और सेवाओं को बेहतर करने पर भी चर्चा हुई। पालिकाध्यक्ष राजीव शर्मा ने कहा कि नगर के विकास के लिए पारदर्शिता और गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
साथ ही, यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि सभी कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे हों, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो।
पालिकाध्यक्ष ने सभी सभासदों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही पालिका क्षेत्र को स्वच्छ, सुंदर और विकसित नगर बनाया जा सकता है।
अध्यक्षता पालिकाध्यक्ष राजीव शर्मा ने की। दीपक नौटियाल, पंकज चौहान, गरिमा सिंह, हरिओम सिंह, पालिका ईओ तारिक खान आदि मौजूद रहे। बैठक में दो सभासद के स्वजनों के देहांत पर दिवंगत की आत्मा की शांति को दो मिनट का मौन भी रखा गया।
