आवासीय परिसर में घुस रहा सीवर का पानी, आक्रोश
संवाद सूत्र कर्णप्रयाग नगर पालिका क्षेत्र के शक्तिनगर वार्ड में आवासीय भवनों के शौचालयों के
संवाद सूत्र, कर्णप्रयाग: नगर पालिका क्षेत्र के शक्तिनगर वार्ड में आवासीय भवनों के शौचालयों के पिट से हो रहे रिसाव से वातावरण दूषित हो रहा है। इस संबंध में प्रभावित भवन स्वामियों ने उपजिलाधिकारी कर्णप्रयाग को ज्ञापन प्रेषित किया है। शीघ्र निराकरण न होने की दशा में पालिका परिसर में धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दी है।
वार्डवासियों सिकंदर भंडारी, पुष्पा खंडूरी, प्रमोद नौटियाल, लक्ष्मी, संगीता, रीना, कनक ने कहा कि बीते वर्षो से प्रभावित भवन स्वामी समस्या से जूझ रहे हैं, लेकिन पालिका प्रशासन पालिका के नालों से हो रहे रिसाव व उनके भवन परिसर में गंदगी को बढ़ा रहा है। इससे बीमारी का अंदेशा बना रहता है। जबकि इस संबंध में पूर्व में पालिका व स्थानीय प्रशासन को अवगत कराते हुए व्यक्तिगत पिटों से हो रहे रिसाव को ठीक करने की मांग उठाई गई थी। लेकिन नालों से सीवर का रिसाव आवासीय भवन परिसर में गंदगी को बढ़ा रहा है। इससे घरों में रहना मुश्किल हो रहा है। इस संबंध में व्यक्तिगत रूप से पालिका अध्यक्ष को अवगत कराते हुए स्थलीय निरीक्षण भी कराया गया, लेकिन समस्या का निराकरण नहीं हो सका है। स्थिति यह है कि पालिका अध्यक्ष के भवन के नीचे से हो रहा रिसाव पैदल मार्ग पर हो रहा है, इसके चलते पैदल आवाजाही में दिक्कतें आ रही हैं। बावजूद इसके पालिका इस ओर ध्यान नहीं दे रही। यदि शीघ्र उनकी समस्या का निराकरण नही किया गया तो धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा। इस संबंध में उपजिलाधिकारी कर्णप्रयाग देवानंद शर्मा ने कहा कि समस्या से पालिका के अधिशासी अधिकारी को अवगत कराया गया है। स्थलीय निरीक्षण कर जनता की समस्या का निराकरण किया जाएगा। गौरतलब है कि नगर पालिका क्षेत्र कर्णप्रयाग में बीते दो वर्ष से सीवर ट्रीटमेंट प्लांट निर्माण कार्य गतिमान है, लेकिन शक्तिनगर देवतोली सहित नदी तट से लगे आवासीय व व्यावसायिक भवनों की सीवेज व्यवस्था की पुख्ता व्यवस्था नही की जा सकी है। पेयजल निर्माण निगम की गंगा प्रदूषण नियंत्रण ईकाई ने मुख्य बाजार सहित विभिन्न वार्डो में सीवेज टैंक निर्माण कार्य धीमी गति से हो रहे हैं। अधिकारी नालों को टैप करने की बात कह कर पल्ला झाड़ रहे हैं।