सुबह से शाम तक बस अड्डे और रेलवे स्टेशन पर उमड़ रही यात्रियों की भीड़, फजीहत
बस अड्डे और रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ जुट रही है। सोमवार को भी सुबह से लेकर शाम तक बस अड्डे पर यात्रियों की भीड़ रही।
रुड़की, जेएनएन। भैयादूज के पर्व से एक दिन पहले ही बस अड्डे और रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ जुट रही। सोमवार को भी सुबह से लेकर शाम तक बस अड्डे पर यात्रियों की भीड़ रही। दिल्ली जैसे रूट पर भी यात्रियों को खड़े होकर सफर करना पड़ा। पीछे से आने वाली तमाम बसें यात्रियों से भरकर पहुंची।
दीपावली पर्व बीतने के साथ ही सोमवार को हरिद्वार में स्नान के चलते सुबह से ही यात्रियों की भीड़ दिखाई देनी शुरू हो गई थी। सुबह से ही बस अड्डे पर यात्रियों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई। रुड़की से दिल्ली, मेरठ, देहरादून, सहारनपुर जाने वाली बसों में सबसे अधिक मारामारी दिखाई दी। देहरादून और हरिद्वार से दिल्ली के लिए जाने वाली बसें पीछे से ही यात्रियों से भरकर आई। ऐसे में रुड़की से दिल्ली, मेरठ का सफर तय करने वाले यात्रियों को खड़े होकर बस में यात्रा करनी पड़ी।
सबसे अधिक परेशानी रुड़की से सहारनपुर, यमुनानगर, चंडीगढ़, पानीपत, शामली और बिजनौर की ओर जाने वाले यात्रियों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ी। इन शहरों के लिए रुड़की से इक्का-दुक्का बसें ही लगाई गई। माना जा रहा है कि मंगलवार को भी दिनभर ऐसी ही भीड़ रहने वाली है। रुड़की डिपो के सहायक महाप्रबंधक आलोक बनवाल ने बताया कि परिवहन निगम की ओर से भैयादूज और दूसरे पर्वों को देखते हुए सभी इंतजाम कर लिए गए हैं।
यह भी पढ़ें: देहरादून रेलवे स्टेशन पर दस दिन बाद लौटी रौनक Dehradun News
चालक-परिचालकों को ड्यूटी के प्रति प्रोत्साहित करने के लिए इस बार भी स्कीम चलाई गई है। वहीं दूसरी ओर स्टेशन पर भी ट्रेनों को लेकर जबरदस्त मारामारी रही। सुबह से ही यात्रियों की भीड़ उमड़ी रही। दीपावली के तुरन्त बाद ही पूर्वांचल, बिहार, झारखंड आदि राज्यों के लोग छठ पर्व मनाने के लिए रवाना हो चुके हैं। अगले 15 दिन तक लंबी दूरी की ट्रेनों में भी डेढ़ सौ से लेकर ढाई सौ तक वेटिंग है।
यह भी पढ़ें: दीपावली पर बसें रहीं पूरी तरह फुल, ट्रेनों में पांव रखने तक की जगह नहीं