रुड़की में STF का बड़ा एक्शन, अवैध गैस गोदाम पर छापा, 101 खाली सिलिंडर किए जब्त
देहरादून एसटीएफ ने रुड़की के साउथ सिविल लाइन में एक अवैध गोदाम पर छापा मारा, जहाँ से 101 खाली गैस सिलेंडर बरामद हुए।

रुड़की के साउथ सिविल लाइन स्थित अवैध गोदाम मे सिलिंडरों की गिनती करती एसटीएफ की टीम। जागरण

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, रुड़की। देहरादून एसटीएफ की टीम ने रुड़की के साउथ सिविलल लाइन में एक अवैध गोदाम पर छापा मारकर 101 खाली सिलिंडर बरामद किये है।
रात के समय इन सिलिंडर में गैस रिफलिंग कर कालाबाजारी होने की आशंका थी। कार्रवाई से मौके पर हड़कंप मच गया।
बरामद सिलिंडर में इंद्रा, इंडेन और भारत कंपनी के गैस सिलिंडर रखे हुए थे। खाद्य आपूर्ति की टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। सभी गैस सिलिंडर को कब्जे में लिया है। इस मामले में कार्रवाई की तैयारी चल रही है।
देहरादून एसटीएफ के एसएसपी अजय सिंह को सूचना मिली थी कि रुडकी सिविल लाइन कोतवाली क्षेत्र के साउथ सिविल लाइन में एक गैस सिलिंडर का अवैध गोदाम बनाया गया है। इस अवैध् गोदाम से सिलिंडरों की कालाबाजारी होनी है।
इस सूचना पर एसएसपी अजय सिंह ने एसटीएफ की टीम को मौके पर कार्रवाई करने के लिए भेजा। एसटीएफ के उप निरीक्षक विद्या दत्त जोशी की टीम ने साउथ सिविल लाइन स्थित अवैध गोदाम पर छापा मारा।
एसटीएफ टीम को 71 सिलिंडर इंद्रा, 20 सिलिंडर इंडेन तथा चार सिलिंडर भारत कंपनी के अलावा 101 खाली सिलिंडर बरामद हुए। यह गोदाम मकान में बनाया गया था।
मकान मालिक जयवीर सिंह मौके पर नहीं मिला। सूचना मिलने पर खाद्य आपूर्ति विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की।
खाली गैस सिलिंडर का अवैध गोदाम मिलने के बाद आशंका जताई जा रही है कि रात के समय रिफलिंग कर इन सिलिंडर की यहां से कालाबाजारी होनी थी। सभी खाली गैस सिलिंडर खाद्य आपूर्ति विभाग की टीम की सुपुर्दगी में दिया गया है।
इस मामले में अब कार्रवाई की तैयारी चल रही है। एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कालाबाजारी के लिए खाली गैस सिलिंडर रखे गये थे। पूरे मामले की गहनता से जांच पड़ताल की जा रही है।
वहीं प्रभारी निरीक्षक प्रदीप बिष्ट ने बताया कि इस मामले में पूर्ति निरीक्षक नीलम भास्कर ने पुलिस को तहरीर दी है। जिसके आधार पर जयवीर समेत अन्य पर आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
महिला ने चाबी नहीं दी तो तोड़ना पड़ा ताला
एसटीएफ की टीम जब अवैध गोदाम में कार्रवाई करने के लिए पहुंची तो वहां पर मकान में मौजूद महिला टीम को देख कर अंदर चली गई और चाबी देने से इंकार कर दिया।
जिसके बाद अवैध गोदाम का ताला तोड़ा गया। अवैध गोदाम के बाहर शीशे का गेट लगा था। अवैध गोदाम का ताला तोड़ने के बाद आगे की कार्रवाई की गई।
आरोपित की पत्नी के नाम है इंद्रा गैस एजेंसी
रुड़की: इंद्रा कंपनी की गैस एजेंसी के नाम पर कालाबाजारी हो रही थी। कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक प्रदीप बिष्ट ने बताया कि आरोपित जयवीर की पत्नी के नाम पर इंद्रा गैस एजेंसी थी।
साउथ् सिविल लाइन में आफिस बनाया गया था जबकि गाधारौणा में इनका गोदाम था।
पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि जब गोदाम गाधारौणा में था तो घर में अवैध गोदाम बनाने की मंशा क्या थी। पुलिस इसे कालाबाजारी से जोड़कर देख रही है।
यह भी पढ़ें- देहरादून: हीरा गैस सर्विस पर बड़ी कार्रवाई, 14 हजार कनेक्शन हुए ट्रांसफर
यह भी पढ़ें- देहरादून में घरेलू सिलिंडर में 90 हजार का बैकलाग, रेस्टोरेंट-ढाबों पर बढ़ रहा संकट
