विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रुड़की में पुलिस मुठभेड़ में तीन बदमाश गिरफ्तार, पैर में गोली लगने से एक घायल

Published: Mon, 24 Aug 2026 11:26 AM (IST)

रुड़की में शराब कैंटीन संचालक अमन की हत्या के तीन आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार हुए, एक बदमाश के पैर में गोली लगी।

मुठभेड़ में पैर में गोली लगने से एक बदमाश घायल।

मुठभेड़ में पैर में गोली लगने से एक बदमाश घायल।

HighLights

  1. अमन हत्याकांड के तीन आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार।

  2. एक बदमाश सौरभ ताजपुरिया के पैर में लगी गोली।

  3. पुरानी रंजिश के चलते की गई थी अमन की हत्या।

जागरण संवाददाता, रुड़की। शराब कैंटीन संचालक अमन की हत्या में शामिल तीन बदमाशों की पुलिस से मुठभेड़ हो गई। जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जबकि दो बदमाश मौके से फरार हो गए।

पुलिस ने करीब तीन घंटे की कांबिंग के बाद दो और आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। तीनों बदमाश हत्या में शामिल थे। हत्या की घटना में शामिल अन्य आरोपितों की भी तलाश जारी है।

ढंडेरा निवासी अमन (22) ढंडेरा में ही एक शराब की कैंटीन चलाते थे। पुलिस के मुताबिक अमन के सौरभ ताजपुरिया निवासी डिफेंस कालोनी कोतवाली रुड़की की शादीशुदा बहन से मेलजोल था। इसे लेकर इनकी रंजिश चल रही थी। साथ ही, शुक्रवार देर रात कैंटीन में अमन और सौरभ ताजपुरिया के बीच भी विवाद हुआ था।

इसके चलते ही शुक्रवार रात को जब अमन अपने दोस्त प्रशांत के साथ कैंटीन से घर जा रहा था तो रास्ते में उसे सौरभ ताजपुरिया, सौरभ उर्फ बल्ली निवासी मोहनपुरा, अर्पित सैनी और अन्य ने घेर लिया और फायरिंग कर दी। प्रशांत के हाथ में गोली के छर्रे लगने से वह घायल हो गया था।

यह देख अमन वहां से पैदल ही भाग निकला था। आरोपितों ने उसे महाराणा प्रताप कालेज के पास एक बंद गली में घेरकर मार दिया। इस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था। शनिवार देर रात सिविल लाइन कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रदीप बिष्ट, वरिष्ठ उप निरीक्षक धर्मेंद्र राठी समेत अन्य पुलिसकर्मियों के साथ ढंडेरा में गौतम फार्म हाउस से ढंडेरा जाने वाली सड़क पर चेकिंग कर रहे थे।

इसी दौरान बाइक सवार तीन संदिग्ध दिखे। पुलिस को देखते ही आरोपित वहां से भाग निकले। पुलिस ने करीब पांच सौ मीटर तक पीछा कर सरिता विहार कालोनी में ट्यूबवेल के पास इन्हें घेर लिया। जिस पर बदमाशों ने फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लगी।

यह देख दो अन्य बदमाश वहां से फरार हो गए। पुलिस ने घायल ने पूछताछ की तो उसने अपना नाम सौरभ ताजपुरिया डिफेंस कालोनी बताया। पुलिस ने उसे सिविल अस्प्ताल भिजवाया। वहीं, पुलिस की दूसरी टीम जंगल में कांबिग करती रही।

करीब तीन घंटे बाद पुलिस ने दीप यादव निवासी लंढौरा और अर्पित सैनी ग्राम ठसका, कोतवाली मंगलौर को भी गिरफ्तार कर लिया। एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि शुक्रवार रात को होटल में शराब पीते समय उन्होंने अमन की हत्या की योजना बनाई।

पुलिस ने इनके कब्जे से एक तमंचा, कारतूस और बाइक बरामद की है। उन्होंने बताया कि सौरभ ताजपुरिया की बहन से अमन का मेलजोल था। इसके चलते ही इनमें काफी समय से रंजिश थी। इसके चलते आरोपितों ने उसकी हत्या की। अन्य आरोपितों की भी तलाश की जा रही है।

यह भी पढ़ें- वाराणसी में श्रेया हत्याकांड मामले में पुलिस ने एक आरोपित को मुठभेड़ के दौरान किया गिरफ्तार