रुड़की में अब्दुल कलाम चौक से कोर कॉलेज तक बनेगा फोरलेन, 70 करोड़ का बजट मंजूर; जाम से मिलेगा छुटकारा
रुड़की के अब्दुल कलाम चौक से कोर कॉलेज तक फोरलेन सड़क निर्माण के प्रस्ताव को उत्तराखंड शासन ने स्वीकृति दे दी
-1792510701072_m.webp)
फोर लेन करने के प्रस्ताव को उत्तराखंड शासन से स्वीकृति
HighLights
रुड़की में फोरलेन सड़क निर्माण को मिली स्वीकृति।
केंद्रीय सड़क निधि से ₹70 करोड़ का बजट।
मार्च 2027 तक सड़क निर्माण का लक्ष्य।
जागरण संवाददाता, रुड़की। रुड़की के अब्दुल कलाम चौक से लेकर कोर कॉलेज तक राज्य राजमार्ग को फोर लेन करने के प्रस्ताव को उत्तराखंड शासन से स्वीकृति मिल गई है। शासनादेश जारी होने के बाद लोक निर्माण विभाग की ओर से सड़क के निर्माण के लिए टेंडर की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
रुड़की शहर का विस्तार अब तेजी से हरिद्वार रोड और दिल्ली रोड की ओर हो रहा है। मंगलौर से तो राजमार्ग का हरिद्वार बाईपास बन गया हैं लेकिन अब्दुल कलाम चौक से लेकर रुड़की होते हुए कोर कॉलेज तक जाने वाले मार्ग पर भी यातायात का दबाव काफी अधिक बढ़ गया है। स्थिति यह है कि अक्सर जाम लग रहा है।
अधिकांश होटल, वैकेंट हाल आदि इसी रोड पर हैं। ऐसे में शादी विवाह और अन्य आयोजनों के चलते यहां पर जबरदस्त भीड़ रहती है। कई बार तो भंयकर जाम लग जाता है। इस जाम का असर कांवड़ पटरी पर भी दिखाई देता है। मंगलौर से लेकर रुड़की कांवड़ पटरी भी जाम हो जाती है। इसको देखते हुए परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा की ओर से शासन को प्रस्ताव देकर इस मार्ग के चौड़ीकरण किए जाने की मांग की थी।
उत्तराखंड सरकार की ओर से प्रस्ताव को भारत सरकार को भेजा गया। केंद्रीय सड़क निधि से इस सड़क के निर्माण को हरी झंडी दे दी गई थी। दो माह पहले भारत सरकार की ओर से 70 करोड़ रुपये के बजट की स्वीकृति के साथ ही सड़क निर्माण को मंजूरी दे दी गई है। फोर लेन की इस सड़क में बीच में डिवाइडर बनेंगे।
उत्तराखंड सरकार की ओर से भी पिछले सप्ताह इस सड़क को लेकर शासनादेश जारी कर दिया है। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता सोनू कुमार त्यागी ने बताया कि टेंडर जारी कर दिया गया है। जल्द ही इस दिशा में कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी।
इस सड़क को लेकर विभाग से रिपोर्ट मांगी गई है। विभाग की ओर से बताया गया कि टेंडर की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। औपचारिकता पूरी होने के बाद काम शुरू हो जाएगा। कोशिश रहेगी कि इस सड़क को मार्च 2027 से पहले बना दिया जाए। इस सड़क के बनने से रुड़की की जनता को काफी राहत मिलेगी। परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि सबसे अच्छी बात यह है कि सड़क निर्माण से पहले रुड़की के सोलानी नदी पर बना पुल चालू हो जाएगा।
