ताड़का के रौद्र रूप देख दर्शक रोमांचित
जागरण संवाददाता रुड़की आदर्श शिवाजी नगर रामलीला समिति की ओर से आयोजित रामलीला में सीत
जागरण संवाददाता, रुड़की: आदर्श शिवाजी नगर रामलीला समिति की ओर से आयोजित रामलीला में सीता जन्म के दृश्य ने जहां दर्शकों को हर्ष से भर दिया। वहीं ताड़का वध के दृश्य ने खूब तालियां बटोरी। यहां पर रामलीला का आनंद लेने के लिए काफी संख्या में दर्शक उपस्थित रहे।
दूसरे दिन की रामलीला की शुरुआत श्रीराम भक्त हनुमान की आरती के साथ हुआ। इसके बाद सीता का जन्म, विश्वामित्र का राजा दशरथ से श्रीराम-लक्ष्मण को मांगना, सुबाहू मारीच का युद्ध, सुबाहू का मारा जाना तथा मारीच का भाग जाना, ताड़का वध व पुष्प वाटिका में सीता का सखियों संग भ्रमण आदि दृश्य का कलाकारों ने अद्भुत मंचन किया। ताड़का का उत्पात मचाना और उसके रौद्र रूप ने दर्शकों को भयभीत भी किया। इससे पूर्व दूसरे दिन की रामलीला का उद्घाटन शिवाजी कॉलोनी के सचिव देव सिंह सामंत, अजय सिंह पुंडीर, प्रेम सिंह नेगी, लक्ष्मी जखवाल और गुड्डी भंडारी ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर रामलीला समिति के अध्यक्ष गौर सिंह भंडारी, जगमोहन सिंह रावत, शिव चरण विजोला, धर्म सिंह भंडारी, महावीर प्रसाद डोभाल, अर्जुन सिंह नेगी, उमराव सिंह पटवाल, बलवीर सिंह रावत, सुशील भटनागर, विजय सिंह पंवार, सतीश नेगी, संतोषी राणा, गायत्री, देवेश्वरी गुंसाई, भारती मेगवाल, रामेश्वरी देवी आदि उपस्थित रहे।