विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जंगल की राह-रोमांच की चाह... 1075 वर्ग किमी में फैले चार पर्यटक जोन, आइए! राजाजी की सफारी पर

Published: Sat, 14 Nov 2026 08:22 AM (GMT+05:30)Updated: Sat, 14 Nov 2026 08:24 AM (GMT+05:30)

राजाजी टाइगर रिजर्व उत्तराखंड के शिवालिक क्षेत्र में स्थित एक प्रमुख वन्यजीव अभयारण्य है, जहां पर्यटक चार सफारी जोन में ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

शैलेंद्र गोदियाल, हरिद्वार। शिवालिक श्रेणी और उसकी तलहटी में फैले घने जंगल, कल-कल बहती गंगा, दूर तक फैले हरे-भरे घास के मैदान और इनके बीच स्वच्छंद विचरण करते वन्यजीव।

कहीं हाथियों का झुंड रास्ता पार करता दिखाई देता है, तो कहीं सांभर और चीतल की अठखेलियां पर्यटकों का ध्यान खींचती हैं। जंगल की खामोशी के बीच पक्षियों का कलरव और बाघ या गुलदार की एक झलक पाने की उत्सुकता सफारी के रोमांच को और बढ़ा देगी।

प्रकृति और वन्यजीवों की इस अनूठी दुनिया की अनुभूति आप भी करना चाहते हैं तो चले आइए! राजाजी टाइगर रिजर्व (आरटीआर) की सैर पर। यहां पर्यटकों के लिए 15 नवंबर से लेकर 15 जून तक चार प्रमुख सफारी जोन चीला, मोतीचूर, रानीपुर और चिल्लावाली-मोहंड उपलब्ध हैं।

आरटीआर शिवालिक की पहाड़ियों और गंगा-यमुना के मैदानों के बीच करीब 1,075 वर्ग किमी क्षेत्र में फैला हुआ है। एशियाई हाथी यहां की प्रमुख पहचान हैं। बाघ, गुलदार, भालू, सांभर, चीतल, काकड़, हाइना, जंगली सूअर, लंगूर और अनेक प्रकार के पक्षी इसकी जैव विविधता को खास बनाते हैं। जंगल, नदी, पहाड़ी रास्ते और खुले घास के मैदान पर्यटकों का रोमांच और बढ़ा देते हैं।

राजाजी के चार जोन

चीला जोन: हरिद्वार से लगभग 10 किमी दूर चीला जोन का प्रवेश द्वार है। यहां करीब 36 किमी का गोलाकार सफारी ट्रेक है। तीन से साढ़े तीन घंटे की सफारी में घने साल के जंगल, खुले चौर और नदी क्षेत्र देखने को मिलते हैं। हाथी, बाघ, गुलदार, सांभर, चीतल और विभिन्न प्रजाति के पक्षियों की मौजूदगी इस जोन को खास बनाती है। चीला में हाथी सफारी की भी व्यवस्था है।

मोतीचूर जोन: हरिद्वार से करीब नौ किमी दूर रायवाला के पास इसका प्रवेश द्वार है। मोतीचूर जोन का सफारी ट्रेक 23 किमी का है। घने जंगल और प्राकृतिक जलस्रोत इसकी विशेषता हैं। यहां हाथियों के झुंड, गुलदार, सांभर, चीतल और अन्य वन्यजीवों को देखने का अवसर मिलता है।

रानीपुर जोन: हरिद्वार से पांच किमी दूर स्थित इस जोन में बेरीबाड़ा क्षेत्र तक सफारी का रोमांच दिखता है। करीब 24 किमी के ट्रेक पर मिश्रित वन, झाड़ियां और प्राकृतिक रास्ते हैं। घुमावदार एवं अंधे पहाड़ी मोड़ ट्रेक का रोमांच कई गुना बढ़ा देते हैं। गुलदार के साथ हाथी, सांभर, चीतल, मोर सहित विभिन्न तरह के पक्षी यहां के प्रमुख आकर्षण हैं।

चिल्लावाली-मोहंड जोन: हरिद्वार जिला मुख्यालय से 45 किमी दूर देहरादून-दिल्ली हाईवे पर मोहंड की ओर इसका प्रवेश द्वार है। शिवालिक की पहाड़ियों के बीच 27 किमी लंबे इस ट्रेक पर घुमावदार रास्ते, घने जंगल, बड़े-बड़े जलकुंडों में अठखेलियां करते हाथी और प्राकृतिक जलधाराएं सफारी को यादगार बनाते हैं। विभिन्न प्रजाति के पक्षी और गुलदार के दीदार के लिए इस जोन को विशेष रूप से जाना जाता है।

सफारी की बुकिंग

पर्यटक आरटीआर की आधिकारिक वेबसाइट rajajitigerreserve.uk.gov.in पर ऑनलाइन परमिट बुक कर सकते हैं। इसके लिए पसंदीदा जोन, सफारी की तिथि, सुबह या शाम की पाली और पर्यटकों की संख्या दर्ज करनी होगी।

ऑफलाइन बुकिंग संबंधित जोन के प्रवेश द्वार पर उपलब्ध परमिट काउंटर से कराई जा सकती है। हालांकि, जिप्सी और परमिट की सीमित उपलब्धता के कारण अग्रिम बुकिंग कराना बेहतर रहता है। जिप्सी का किराया 2,500 रुपये से 3,500 रुपये तक है। भारतीय पर्यटक के लिए परमिट शुल्क 150 रुपये और विदेशी नागरिक के लिए 600 रुपये है।

ऐसे पहुंचें

हरिद्वार देश के विभिन्न हिस्सों से सड़क व रेल नेटवर्क से जुड़ा हुआ है। जबकि, नजदीकी हवाई अड्डा 37 किमी दूर जौलीग्रांट (देहरादून) में है।

खाने-ठहरने के बेहतर इंतजाम

हरिद्वार में होटल-धर्मशालाओं की भरमार है। आप अपने बजट के अनुसार होटल का चयन कर सकते हैं। हर होटल में आपका पसंदीदा भोजन मिल जाएगा।

यह भी पढ़ें- Rajaji Tiger Reserve: जंगल सफारी के रोमांच के लिए हो जाइए तैयार, इस दिन खुल जाएंगे राजाजी पार्क के द्वार

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।