पुलकित आर्य के पिता का दावा, दिखाई अंकिता भंडारी और उसके ब्वॉयफ्रेंड की चैट... बोले- 'बनाया हत्या का दबाव'
पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य ने अंकिता भंडारी और उसके ब्वॉयफ्रेंड की चैट सार्वजनिक की, दावा किया कि अंकिता की हत्या नहीं हुई बल्कि उसे प्रताड़ित किया गया था।


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
हरिद्वार । अंकिता भंडारी मामले में आजीवन कारावास काट रहे पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य ने प्रेस वार्ता के दौरान अंकिता और उसके ब्वॉयफ्रेंड पुष्प की चैट के हिस्से मीडिया के सामने रखे। इस दौरान दावा किया कि अंकिता की हत्या नहीं हुई।
जनदबाव में इसे हत्या का मामला बनाकर उनके पुत्र और उसके साथियों को गलत फंसाया गया। इस मामले में कोई वीआईपी शामिल नहीं था। अंकिता अपने माता-पिता और ब्वॉयफ्रेंड से प्रताड़ित थी। ब्वॉयफ्रेंड से हुई चैट में यह साफ है। सीबीआई इस मामले की निष्पक्ष जांच करे और अंकिता को प्रताड़ित करने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाए।
विनोद आर्य अपने अधिवक्ता अनुज पुंडीर के साथ प्रेस वार्ता करने पहुंचे थे। दोनों ने कहा कि इस मामले को जनाक्रोश में बदला गया। इसका खामियाजा पुलकित आर्य और उसके साथियों को भुगतना पड़ा। उनका पक्ष सुना नहीं गया। पुलिस की अभिरक्षा में अभियुक्तों पर हमला करने वालों के खिलाफ मुकदमा तक दर्ज नहीं किया गया।
उनके रिसोर्ट को दो बार जलाकर करीब 50 करोड़ का नुकसान पहुंचाया गया, इसमें भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। अदालत में ट्रायल के दौरान भी दबाव बनाया गया। अब ये मामला हाई कोर्ट में विचाराधीन है। फिर से वीआईपी का नाम उछाल कर इस मामले को लटकाया जा रहा है। जबकि अंकिता और उसके ब्वॉयफ्रेंड की चैट से पूरा मामला साफ हो जाएगा। उन्होंने सीबीआई से चैट अपनी जांच में शामिल करने की मांग भी की।