यशपाल आर्य पर हमले के विरोध में कांग्रेसियों ने किया प्रदर्शन
पूर्व काबीना मंत्री यशपाल आर्य और उनके पुत्र संजीव आर्य पर हमले तथा उन पर मुकदमा दर्ज करने के विरोध में महानगर कांग्रेस कार्यकत्र्ताओं ने ज्वालापुर स्थित आंबेडकर चौक से रेलवे फाटक तक जुलूस निकाला।
जागरण संवाददाता, हरिद्वार: पूर्व काबीना मंत्री यशपाल आर्य और उनके पुत्र संजीव आर्य पर हमले तथा उन पर मुकदमा दर्ज करने के विरोध में महानगर कांग्रेस कार्यकत्र्ताओं ने ज्वालापुर स्थित आंबेडकर चौक से रेलवे फाटक तक जुलूस निकाला। साथ ही सरकार एवं आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रभारी का पुतला फूंका। विरोध-प्रदर्शन में कांग्रेस पार्षदों सहित बड़ी संख्या में कार्यकत्र्ता शामिल रहे।
आंबेडकर चौक पर बाबा साहेब डा. आंबेडकर की मूर्ति पर माल्यार्पण कर विरोध प्रदर्शन शुरू करते हुए महापौर प्रतिनिधि अशोक शर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार लगातार लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं का हनन कर रही है। पूर्व मंत्री यशपाल आर्य व उनके पुत्र संजीव आर्य पर जानलेवा हमला किया गया, लेकिन हमलावरों को गिरफ्तार करने के बजाय उन पर व कांग्रेस कार्यकत्र्ताओं पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया, जिसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
प्रदेश महासचिव डा. संजय पालीवाल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सरकार तानाशाही पर उतर आई है। यदि सरकार जल्द हमलावरों की गिरफ्तारी और झूठा मुकदमा वापस नहीं लेती है तो पूरे प्रदेश में कांग्रेस कार्यकत्र्ता सड़कों पर उतर कर प्रदर्शन करेंगे। महानगर कांग्रेस अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी व आप के प्रदेश प्रभारी दिनेश मोहनिया की गलत बयानबाजी को भी कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में दलितों और महिलाओं पर लगातार अत्याचार हो रहे हैं। कहा कि फर्जी मुकदमे को वापस नहीं लिया गया तो देहरादून से दिल्ली तक प्रदर्शन किया जाएगा। विरोध प्रदर्शन में चौधरी बलजीत सिंह, श्रमिक नेता मुरली मनोहर, हाजी शाहबुद्दीन अंसारी, तहसीन अंसारी, तीरथ पाल रवि, नीलम शर्मा, सतीश कुमार, दिनेश पुंडीर, सुनील कुमार, मनोज जाटव, जगदीप असवाल, रवीश भटीजा, कृष्णलाल, मुकेश शर्मा, अमित चंचल आदि सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकत्र्ता शामिल रहे।