धर्मनगरी में लोहड़ी की 'आंच' में सुलगी सियासत
जागरण संवाददाता, हरिद्वार: उत्तरांचल पंजाबी महासभा का लोहड़ी मिलन कार्यक्रम विवादों में घि
जागरण संवाददाता, हरिद्वार: उत्तरांचल पंजाबी महासभा का लोहड़ी मिलन कार्यक्रम विवादों में घिर गया है। पंजाब समाज के ही एक गुट ने कार्यक्रम के राजनीतिकरण का आरोप लगाया है। वहीं, कांग्रेसियों ने महापौर के अपमान का आरोप लगाते हुए कनखल में कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक का पुतला फूंका। कांग्रेस के पार्षदों ने भी पूरे मामले पर अपनी नाराजगी जाहिर की है।
ऋषिकुल मैदान में मंगलवार की रात लोहड़ी मिलन कार्यक्रम हुआ था, जिसका उद्घाटन कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, रानीपुर विधायक आदेश चौहान, रुड़की विधायक प्रदीप बत्रा, जिलाधिकारी दीपक रावत ने दीप जलाकर किया था। इस दौरान महापौर अनिता शर्मा भी सामने बैठी हुई थी, लेकिन उन्हें दीप जलाने के लिए मंच पर आमंत्रित नहीं किया गया। इससे नाराज महापौर अनिता शर्मा कार्यक्रम बीच में छोड़कर चली गई थी। इससे यह कार्यक्रम विवादों में आ गया है। पंजाबी समाज के गैर राजनीतिक और कांग्रेस से जुड़े लोगों ने कार्यक्रम का राजनीतिकरण करने का आरोप लगाया। कनखल में कांग्रेस नेता शुभम अग्रवाल, युवा कांग्रेस अध्यक्ष नितिन तेश्वर, जतिन हांडा, नकुल महेश्वरी आदि ने प्रदर्शन करते हुए कहा कि मंत्री के दबाव में सोची-समझी रणनीति के तहत ऐसा कृत्य किया गया। आरोप लगाया कि निगम चुनाव की हार भाजपा हजम नहीं कर पा रही है। इसी कारण महापौर का अपमान किया गया है। प्रदर्शनकारियों में प्रेम शर्मा, वसीम सलमानी, दीपाली त्यागी, शिवम शर्मा, ऋषभ मेंहदू, हरद्वारी लाल शामिल रहे। पंजाबी समाज से जुड़े कांग्रेस और व्यापारी नेता सुनील सेठी ने आरोप लगाया कि यह महापौर अनिता शर्मा का अपमान नहीं बल्कि पूरे शहर का अपमान है। कार्यक्रम का राजनीतिकरण करने से पंजाबी समाज की भावनाएं भी आहत हुई हैं। वहीं पार्षद अनुज ¨सह ने कहा कि महापौर अनिता शर्मा पूरे हरिद्वार का नेतृत्व करती हैं, लेकिन कार्यक्रम समाज का न होकर मंत्री मदन कौशिक का निजी प्रतीत हुआ। उनके दबाव में ही महापौर का अपमान किया गया है। कांग्रेस पार्षद निलोफर अंसारी, सचिन अग्रवाल ने भी महापौर के अपमान की ¨नदा की। वहीं एनएसयूआइ के प्रदेश सचिव वसीम सलमानी ने कहा कि बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ का नारा देने वाली भाजपा को इस कृत्य के लिए शहर के लोगों से माफी मांगनी चाहिए।
महापौर से मिलकर खेद जताएगी महासभा
लोहड़ी मिलन कार्यक्रम की आयोजक उत्तरांचल पंजाबी महासभा के गढ़वाल प्रभारी सुनील अरोड़ा ने कहा कि लोहड़ी महोत्सव पूरी तरह से गैरराजनैतिक था। जनप्रतिनिधियों को समाज का हिस्सा मानते हुए कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया था। लेकिन कुछ भाजपा मानसिकता वाले कार्यकर्ता अचानक मुख्य अतिथि को मंच पर ले गए और जल्दबाजी में दीप प्रज्ज्वलित करा दिया। जबकि मंच से दीप जलाने की कोई घोषणा भी उस समय तक नहीं की गई थी। जल्दबाजी में उठाए गए इस तरह के कदम से यह विवाद उत्पन्न हो गया। अरोड़ा ने कहा कि पंजाबी समाज का एक प्रतिनिधिमंडल जल्द ही महापौर अनिता शर्मा से मिलकर खेद व्यक्त करेगा।
यह सांस्कृतिक व सामाजिक कार्यक्रम था। उत्तरांचल पंजाबी महासभा ने सम्मान के साथ मुझे बुलाया था, लेकिन कुछ लोगों ने निजी स्वार्थ के लिए इस मंच का राजनीतिक इस्तेमाल किया, जिसका मुझे कष्ट है। अन्य किसी से कोई शिकायत नहीं है।
अनिता शर्मा, महापौर हरिद्वार निजी कारणों से मैं इस कार्यक्रम में मौजूद नहीं था, लेकिन इस बारे में जानकारी मिलने पर आयोजकों को फटकार लगाई है। कार्यक्रमों का राजनीतिकरण नहीं होना चाहिए। इस बारे में प्रतिनिधिमंडल को महापौर से मिलकर खेद प्रकट करने के लिए कहा गया है।
अमर कुमार, जिलाध्यक्ष उत्तरांचल पंजाबी महासभा, हरिद्वार