छेड़छाड़ रोकने को गठित स्क्वायड सिर्फ कागजों में
जागरण संवाददाता रुड़की शहर में छेड़छाड़ की घटनाएं रोकने के लिए दो माह पहले गठि
जागरण संवाददाता, रुड़की: शहर में छेड़छाड़ की घटनाएं रोकने के लिए दो माह पहले गठित स्क्वॉयड सिर्फ कागजों में ही चल रहा है। दो माह में इस स्क्वॉयड ने किसी भी मनचले के खिलाफ एक भी कार्रवाई नहीं की। जबकि मनचले सड़क पर उत्पात मचाने से बाज नहीं आ रहे।
शहर की सड़क हो या स्कूल, शहर के कोचिग सेंटर हो या बाजार। हर जगहों पर बाइक सवार मनचले युवती और महिलाओं पर फब्तियां कसने से बाज नहीं आ रहे है। शहर की सड़कों पर बाइक सवार युवक सुबह और शाम के समय झुंड बनाकर घूमते है। सड़क से गुजरने वाले अकेली महिला या युवती को देख कर मनचले टिप्पणी करने से बाज नहीं आ रहे है। तीन माह में छेड़छाड़ की 10 से अधिक घटनाएं हो चुकी है। 18 जनवरी को नहर पटरी पर युवती से छेड़छाड़ हुई। 2 फरवरी माह में सोलानी पार्क के पास युवती से छेड़छाड़ हुई थी। 14 मार्च को बोट क्लब पर स्कूटी सवार युवती से बाइक सवारों ने छेड़छाड़ की थी। इसके अलावा भी कई मामले हुए है। कई मामले तो पुलिस तक भी नहीं पहुंचते है। इस तरह की घटनाओं को देखते हुए दो माह पहले एसपी देहात ने मनचलों के खिलाफ स्क्वॉयड गठित की थी। इसमें महिला दारोगा समेत तीन पुलिसकर्मियों की दो टीम गठित की गई थी। स्क्वॉयड आज तक सड़कों पर दिखाई नहीं दी। कागजों में ही इसका गठन किया गया था। इस स्क्वॉयड के सुस्त होने का नुकसान शहर के लोगों को उठाना पड़ रहा है। एसपी देहात नवनीत सिंह का कहना है कि पुलिस टीम की डयूटी लोक सभा चुनाव को लेकर गठित स्टेटिक्स और सर्विलांस टीम के लिए की गई है। इसलिए यह अभियान ठिठका है। लोकसभा चुनाव के मतदान के बाद यह अभियान बड़े पैमाने पर चलाया जाएगा।