...तो इसलिए देवरानी पर लगा दिया चोरी का आरोप
हरिद्वार जिले के रुड़की में एक महिला ने अपनी देवरानी पर चोरी का आरोप लगाया है। उसने मामले को लेकर पुलिस में तहरीर दी है।
रुड़की, [जेएनएन]: एक महिला ने अपनी देवरानी पर मकान का ताला तोड़कर नगदी और जेवरात समेत हजारों रुपये का माल उड़ाने का आरोप लगाया। शिकायत पर पुलिस ने जांच की तो मामला आपसी विवाद का निकला। अब शिकायत करनी वाली महिला पुलिस के बुलाने पर कोतवाली पहुंचने से कतरा रही है।
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के ढंडेरा गांव निवासी एक महिला ने दो दिन पहले सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस को तहरीर दी थी। जिसमें बताया था कि वह शुक्रवार को बाहर गई थी। इसी दौरान उसकी देवरानी ने मकान का ताला तोड़कर नगदी और जेवरात समेत हजारों का माल साफ कर दिया। जब वह देर शाम को घर आई तो उसे मकान में चोरी होने की जानकारी लगी।
महिला का आरोप है कि उसे किसी ने बताया था कि उसके मकान के आसपास उसकी देवरानी को देखा गया था। इस पर महिला ने पुलिस को तहरीर देकर देवरानी पर कार्रवाई के आरोप लगाए। सोमवार को पुलिस ने तहरीर के आधार पर देवरानी को कोतवाली सिविल लाइंस बुलाया।
पुलिस ने जब उससे मकान में चोरी को लेकर पूछताछ की तो वह दंग रह गई। महिला ने इन आरोपों को गलत बताया। उसने बताया कि उसका जेठानी के साथ शुक्रवार को विवाद हुआ था। उसे इस मामले में फंसाने के लिए उस पर चोरी का झूठा आरोप लगाया है। पुलिस ने जब जेठानी को कोतवाली आने को कहा तो उसने समय न होने का बहाना बनाया। एसआइ भरत सिंह नेगी ने कहा है कि मामले की जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें: भवन स्वामी परिवार के साथ गए ससुराल, घर को खंगाल गए चोर
यह भी पढ़ें: घर के ताले तोड़कर चोर चुरा ले गए नगदी और जेवरात
यह भी पढ़ें: वन विभाग की रिटायर महिला अधिकारी के घर से 10 लाख के जेवर चोरी