रुड़की : स्मैक के साथ दो लोग गिरफ्तार, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
रुडकी के सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस ने आसफनगर तिराहे के पास से दो लोग गिरफ्तार किये है। इनके कब्जे से पुलिस ने करीब नौ ग्राम स्मैक की खेप बरामद की है। पुलिस पकड़े गये आरोपितों से पूछताछ कर रही है।
जागरण संवाददाता, रुड़की: सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस ने आसफनगर तिराहे के पास से दो लोग गिरफ्तार किये है। इनके कब्जे से पुलिस ने करीब नौ ग्राम स्मैक की खेप बरामद की है। पुलिस पकड़े गये आरोपितों से पूछताछ कर रही है।
शुक्रवार की सुबह सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस आसफनगर तिराहे के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान उप निरीक्षक रणजीत सिंह खनेड़ा और उनकी टीम को दो लोग दिखाई दिये। पुलिस ने घेराबंदी की तो दोनों युवक वहां से भागने लगे। शक होने पर पुलिस ने पीछा कर इन्हें पकड़ लिया।
पूछताछ में इन्होंने अपने नाम बहार आलम निवासी ढंडेरा तथा सचिन निवासी राजविहार कालोनी ढंडेरा बताया। पुलिस ने इनकी तलाशी ली तो बहार आलम के पास से 4.83 ग्राम तथा सचिन के पास 4.33 ग्राम स्मैक की खेप बरामद हुई। पुलिस दोनों को अपने साथ कोतवाली ले आई। पुलिस आरोपितों से पूछताछ कर यह पता लगाने के प्रयास कर रही है कि यह स्मैक की खेप वह कहां से लेकर आये थे।
पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि स्मैक की यह खेप उन्हें किसी को बेचनी थी। सिविल लाइंस कोतवाली प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र चौहान ने बताया कि पुलिस ने इन दोनों पर मुकदमा दर्ज किया है।