हवालात से फरार आरोपित के नजदीक पहुंची पुलिस
हवालात से बहाना बनाकर फरार होने वाले आरोपित के पुलिस नजदीक पहुंच गई है।
रुड़की: हवालात से बहाना बनाकर फरार होने वाले आरोपित के पुलिस नजदीक पहुंच गई है। पुलिस दावा कर रही है कि शीघ्र ही गिरफ्तारी होगी।
एक किशोरी के अपहरण के मामले में गिरफ्तार हुए रोहित यादव निवासी मैनपुरी को पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने उसे हवालात में बंद कर दिया था। रात के समय आरोपित दम घुटने का बहाना बनाने लगा। जिसके बाद पुलिस ने उसे एक अस्थायी हवालात में डाल दिया। यहां से आरोपित पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था। हवालात से फरार होने के बाद आरोपित मैनपुरी स्थित अपने घर पहुंचा था। पुलिस की एक टीम मैनपुरी में डेरा डाले है। आरोपित के पास मोबाइल नहीं है। जिसके चलते पुलिस को उसकी लोकेशन ट्रेस करने में परेशानी आ रही है। आरोपित की गिरफ्तारी को लेकर सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस पर काफी दबाव भी है। सिविल लाइंस कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजेश साह का कहना है कि आरोपित के बारे में कुछ सुराग हाथ लगे है। शीघ्र ही आरोपित को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।