शहर-देहात में हाईवे और बाजारों में जाम
सोमवार को शहर से देहात तक हाईवे और बाजारों में जबरदस्त जाम लग गया।
जागरण संवाददाता, रुड़की: सोमवार को शहर से देहात तक हाईवे और बाजारों में जबरदस्त जाम लग गया। जाम में शारीरिक दूरी का जमकर उल्लंघन हुआ। जाम में फंसे व्यक्ति भीषण गर्मी में बिलबिला उठे। कई लोग कोतवाली पहुंचकर जाम खुलवाने के लिए पुलिस की गुहार लगाते रहे।
सोमवार को शहर और देहात में बाजार खुले थे। दो दिन बाद बाजार खुलने से बाजारों में सुबह से ही काफी भीड़ हो गई थी शहर के बाजारों में कई चोहपिया तिपहिया वाहन लेकर दाखिल हो गए। दुकानदारों ने भी सड़क किनारे दुकानों के बाहर सामान रख दिया, जिससे खरीददारों को वाहन खड़ा करने की जगह नहीं मिली। ग्राहकों ने बाजार में ही सड़क पर वाहन खड़े कर दिए। इससे जाम की स्थिति बन गई। शहर के बीटी गंज, मेनबाजार और सिविल लाइंस में जबरदस्त जाम रहा। जाम के चलते वाहन रेंग रेंग कर चलते रहे। आलम यह रहा कि शहर की कोतवाली के बाहर ही जाम लगा। कई व्यक्तियों ने कोतवाली पहुंचकर जाम लगने की शिकायत की। जिसके बाद पुलिस हरकत में आई। वहीं भगवानपुर में भी मेनबाजार और न्यू मार्किट में जाम से लोग बेहाल रहे। बाजारों में उमडी भीड़ के चलते शारीरिक दूरी का जमकर उल्लंघन हुआ। बाजारों में कई लोग बिना मास्क के भी नजर आये। वहीं दुकानों में भी एक साथ कई ग्राहक खरीददारी करते दिखे। दुकानदार भी दुकानों में शारीरिक दूरी का पालन करने से परहेज करते रहे। सर्विस लेन पर हुई परेशानी
भगवानपुर: भगवानपुर में सर्विस लेन पर जाम लगने से लोग परेशान रहे। बाजारों में भीड़ लगने का दबाव सर्विस लेन पर भी पड़ा। मक्खनपुर से लेकर टोल प्लाजा तक सर्विल लेन पर लोग जाम से जूझते रहे। सर्विस लेन पर वाहनों को एक किमी लंबा सफर तय करने में एक घंटे से अधिक का समय लगा। इन जगहों पर हुआ उल्लंघन
रुड़की: शहर के बीटी गंज, अनाज मंडी, मेनबाजार, सिविल लाइंस में दुकानों पर एक साथ कई ग्राहक खरीददारी करते दिखे। वहीं दो दिन बाद बाजार खुलने के बाद उमडी भीड़ से शारीरिक दूरी का पालन कराने के लिए कोई पुलिसकर्मी बाजारों में नजर नहीं आया।