बॉर्डर से लौटाए गए एक हजार वाहन
उत्तराखंड के भगवानपुर और नारसन बॉर्डर से दिनभर में एक हजार वाहन लौटाए गए।
जागरण संवाददाता, रुड़की: उत्तराखंड के भगवानपुर और नारसन बॉर्डर से दिनभर में एक हजार वाहन लौटाए गए। उप्र में संपूर्ण लॉकडाउन होने के चलते बॉर्डर तक आने वाले वाहनों की संख्या में कमी आई है। अगले कुछ दिनों तक उत्तराखंड पुलिस को भी राहत मिलेगी। वहीं झबरेड़ा बॉर्डर पर भी पुलिस ने कांवड़ यात्रा स्थगित होने के बोर्ड लगाए हैं।
कोरोना वायरस संक्रमण के चलते प्रदेश सरकार ने इस बार कावंड़ यात्रा स्थगित कर दी है। जिसे लेकर बॉर्डर पर उत्तराखंड पुलिस की पैनी नजर है। उप्र की तरफ से आने वाले अन्य राज्यों के वाहनों को बिना अनुमति नहीं आने दिया जा रहा है। आपातकालीन सेवा और जरूरी कार्य के लिए ही अनुमति प्रदान की जा रही है। झबरेड़ा बॉर्डर पर पुलिस ने कांवड़ यात्रा स्थगित होने के बोर्ड लगा दिए हैं, जिससे अन्य राज्यों से आने वाले वाहन चालक पहले ही इन बोर्ड को देखकर वापस चले जाएं। इसके बावजूद बाहर से आने वाले लोग प्रदेश की सीमा में दाखिल होने के प्रयास कर रहे हैं। शुक्रवार को भी भगवानपुर बॉर्डर से 85 वाहनों को वापस भेजा गया। इनके पास किसी तरह की अनुमति नहीं थी। वहीं नारसन बॉर्डर से भी 915 वाहनों को वापस भेजा गया। शुक्रवार रात 10 बजे से उप्र में संपूर्ण लॉकडाउन है। यह लॉकडाउन 13 जुलाई की सुबह पांच बजे तक है। इस दौरान उप्र से कोई भी वाहन उत्तराखंड की सीमा में नहीं आएगा। इसका असर यह रहा कि शुक्रवार को उप्र की तरफ से कम वाहन ही उत्तराखंड बॉर्डर से वापस भेजे गए।