लोकसभा के बाद अब निगम चुनाव की तैयारी शुरू
संवाद सहयोगी रुड़की लोकसभा चुनाव के बाद अब नगर निगम के चुनावों की तैयारियां शुरू हो गई
संवाद सहयोगी, रुड़की: लोकसभा चुनाव के बाद अब नगर निगम के चुनावों की तैयारियां शुरू हो गई हैं। हालांकि निगम चुनाव की कोई तारीख अभी तय नहीं है। नये क्षेत्रों को शामिल किये जाने का मामला भी अभी न्यायालय में है, लेकिन नगर निगम ने चुनावों को लेकर होमवर्क करना शुरू कर दिया है। निगम ने सोमवार को मतदाता सूचियों के मिलान का काम पूरा कर उन्हें जिलाधिकारी को भेज दिया है। उधर, महापौर के भावी प्रत्याशी भी अब फिर से सक्रिय होते नजर आ रहे हैं। पूर्व की भांति उन्होंने कार्यक्रमों में अपनी उपस्थिति दिखानी शुरू कर दी है।
लोकसभा चुनाव के कारण नगर निगम के चुनाव ठंडे बस्ते में चले गए थे। लेकिन लोकसभा चुनावों के परिणामों के बाद नगर निगम रुड़की ने चुनावों को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं। निगम की ओर से दो माह पूर्व मतदाता सूची का डोर टू डोर जाकर सत्यापन कराया गया था। इसके बाद लोकसभा चुनाव का बिगुल बज जाने के कारण इस काम को वहीं का वहीं रोक दिया गया था। लोकसभा चुनाव के परिणाम आने के बाद अब निगम ने फिर निगम चुनाव की तैयारियां श़ुरू कर दी हैं। निगम ने मतदाता सूची के मिलान का कार्य पूरा कर लिया है। मतदाता सूची का मिलान करने के बाद सोमवार को उन्हें जिलाधिकारी के कार्यालय में भेज दिया गया है। इसके अलावा नगर निगम चुनाव में महापौर पद के लिए भावी प्रत्याशियों ने फिर से सक्रियता दिखानी शुरू कर दी है। भावी प्रत्याशी दो माह बाद फिर से क्षेत्र में लोगों से संपर्क साधते नजर आ रहे हैं। कार्यक्रमों में भी वह बढ़-चढ़कर भाग ले रहे हैं।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप