नगर में नौ घंटे, देहात में रात भर ठप रही बिजली आपूर्ति
नगर की विद्युत आपूर्ति नौ घंटे तक बंद रही जबकि देहात के डेढ़ सौ से अधिक गांवों में रात भर बिजली नहीं रही।
संवाद सूत्र, लक्सर: नगर की विद्युत आपूर्ति नौ घंटे तक बंद रही, जबकि देहात के डेढ़ सौ से अधिक गांवों में रात भर बिजली नहीं रही। बिजली आपूर्ति नहीं होने से लोग गर्मी में बिलबिला उठे। बदहाल विद्युत आपूर्ति और अधिकारियों के रवैये को लेकर क्षेत्रवासियों में जबरदस्त आक्रोश है।
लक्सर क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था पिछले काफी समय से बदहाल है। रोजाना फाल्ट और रोस्टिग के नाम पर कई-कई घंटे तक बिजली कटौती से आमजन को परेशानी झेलनी पड़ रही है। रविवार को भी दोपहर तीन बजे लक्सर नगर के अलावा खानपुर, रायसी व भट्टीपुर बिजलीघर से जुड़े देहात के डेढ़ सौ से अधिक गांवों की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। जानकारी करने पर विभाग के अधिकारियों के मोबाइल नेटवर्क से बाहर मिले। कुछ अधिकारियों ने फोन भी नहीं उठाए। अधिकारी कभी ग्रिड फेल होने तो कभी मुख्य लाइन में फाल्ट होने की बात कहते रहे। बिजली नहीं होने से लोग गर्मी में बिलबिलाते रहे। नगर में रात को 12 बजे बिजली आपूर्ति शुरू हुई, जबकि देहात में रात भर बिजली नहीं रही। स्थानीय निवासी राकेश, राजेश, गोविद, भीम सिंह, पंकज व प्रवीण आदि का कहना था कि क्षेत्र में मनमाने तरीके से बिजली कटौती की जा रही है। अधिकारी जनता की परेशान को समझने के बजाय अलग-अलग बहाने बनाकर टालते हैं। उनके फोन तक रिसीव नहीं करते हैं। सामाजिक संगठनों की ओर से बदहाल विद्युत आपूर्ति व्यवस्था के खिलाफ आंदोलन की चेतावनी दी है। ऊर्जा निगम के एसडीओ अमीचंद ने बताया कि ग्रिड फेल होने से आपूर्ति बाधित हुई थी। देर रात तक अधिकांश क्षेत्र की आपूर्ति सुचारू करा दी गई थी।