राजकीय मुद्रणालय में मतपत्रों की छपाई शुरू
संवाद सहयोगी रुड़की नगर निगम चुनाव के लिए गुरुवार को मतपत्रों की छपाई काम शुरू हो गया
संवाद सहयोगी, रुड़की : नगर निगम चुनाव के लिए गुरुवार को मतपत्रों की छपाई काम शुरू हो गया है। जिसके चलते लीथो प्रेस की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। प्रेस परिसर में सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं। वहीं बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया गया है।
नगर निगम का चुनाव ईवीएम से न होकर मतपत्र से होगा। उत्तराखंड राजकीय मुद्रणालय (लीथो प्रेस) में मतपत्रों के नमूने पहुंच गए हैं। इसी के साथ मतपत्रों की छपाई का काम शुरू हो गया है।
लीथो प्रेस के अपर निदेशक सर्वेश कुमार गुप्ता ने बताया कि महापौर और पार्षद पद के लिए डेढ़-डेढ़ लाख मतपत्रों की छपाई होगी। इसके मतपत्रों के नमूने प्राप्त हो गए हैं। नीले रंग का मतपत्र महापौर और सफेद रंग का मतपत्र पार्षद के लिए होगा। 40 वार्डों के लिए अलग-अलग प्रत्याशी के आधार पर मतपत्रों की छपाई होगी। 14 नवंबर तक मतपत्रों की छपाई का काम पूरा कर दिया जाएगा। प्रेस में मतपत्रों की छपाई का कार्य युद्धस्तर पर शुरू हो गया। इसके लिए प्रेस में 24 घंटे काम चलेगा। इस दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टी पर भी रोक लगा दी गई है। सुरक्षा के लिहाज से प्रेस में व्यापक सुरक्षा कर्मियों को तैनात किया गया है। सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं।