वेतन भुगतान के आश्वासन पर टली केआरएल की हड़ताल
जागरण संवाददाता हरिद्वार सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट कंपनी के कर्मियों की हड़ताल फिलहाल ट
जागरण संवाददाता, हरिद्वार : सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट कंपनी के कर्मियों की हड़ताल फिलहाल टल गई है। प्रबंधन की कर्मचारी नेताओं से हुई वार्ता में दीपावाली से पहले भुगतान किए जाने का आश्वासन दिया गया। हड़ताल टलने से निगम प्रशासन ने राहत की सांस ली है।
दीपावाली पूर्व वेतन भुगतान की मांग को लेकर केआरएल कर्मियों ने 21 अक्टूबर से सफाई व्यवस्था ठप करने की चेतावनी दी थी। इधर नगर निगम प्रशासन की ओर से महापौर को भुगतान संबंधी जो पत्रावली दी गई थी उसे उन्होंने यह कहते हुए लौटा दिया था कि मंत्री के आदेशों के अनुपालन में पहले उनसे दिशा निर्देश लिए जाएं। महापौर के इस रवैये से केआरएल के करीब 300 कर्मियों की दीपावली काली होने की उम्मीद थी। हालांकि हड़ताल की चेतावनी को देखते हुए नगर निगम कर्मचारी संयुक्त मोर्चा नेताओं की केआरएल के डायरेक्टर सुखवीर सिंह के साथ वार्ता हुई। जिसमें उन्होंने दीपावाली से पहले कर्मचारियों के वेतन भुगतान का आश्वासन दिया। इधर श्रमिक नेता सुरेंद्र तेश्वर और राजेंद्र श्रमिक ने बताया कि लोगों से केआरएल के यूजर चार्ज का भुगतान जल्द से जल्द करने की अपेक्षा की है। साथ ही नगर निगम प्रशासन से अपील की है कि कर्मचारी हित में टिपिग फीस का भुगतान दीपावाली पहले कर दिया जाए।