रुड़की की महिला से पंजाब में ससुर और देवर ने किया दुष्कर्म
जागरण संवाददाता, रुडकी: गंगनहर कोतवाली क्षेत्र की एक महिला से पंजाब स्थित उसकी ससुराल में द
जागरण संवाददाता, रुडकी: गंगनहर कोतवाली क्षेत्र की एक महिला से पंजाब स्थित उसकी ससुराल में देवर और ससुर ने दुष्कर्म किया। शिकायत करने पर पति और सास ने कमरे में बंधक बना दिया। पीड़ित किसी तरह से भागकर मायके पहुंची और रुड़की पुलिस को पूरे मामले से अवगत कराया। रुड़की पुलिस जीरो एफआइआर दर्ज कर मामले को जांच के लिए पंजाब पुलिस को रेफर करेगी।
गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी लड़की के मां-बाप बचपन में ही मर गए थे। उनकी मौत के बाद उसकी बड़ी बहन और बहनोई ने उसकी परवरिश की। करीब नौ साल पहले उसकी शादी तहसील समाना, जिला पटियाला, पंजाब के एक गांव के युवक से हुई। आरोप है कि करीब एक साल पहले महिला का पति बाहर गया था। इसी दौरान ससुर ने कमरे में आकर महिला के साथ दुष्कर्म किया। जब उसने यह बात सास और पति को बताई तो उसे चुप करा दिया गया। महिला के मुताबिक करीब तीन माह पहले देवर ने भी उसके साथ दुष्कर्म किया। जब उसने पति और सास को फिर शिकायत की तो उसे कमरे में बंधक बना दिया गया। कई बार देवर ने उसके साथ दुष्कर्म किया। करीब 10 दिन पहले विवाहिता किसी तरह से चकमा देकर वहां से भाग निकली और अपने मायके आ गई। पीड़ित महिला ने अपने परिजनों को पूरे मामले से अवगत कराया। जिसके बाद घटना की तहरीर गंगनहर पुलिस को दी गई। गंगनहर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रदीप बिष्ट ने बताया कि इस मामले में देवर और ससुर के खिलाफ जीरो एफआइआर में दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कर जांच के लिए पंजाब के संबंधित थाने को ट्रांसफर किया जाएगा।