छात्रा से सैलून संचालक ने की छेड़छाड़
जागरण संवाददाता, रुड़की: स्कूल आने वाली छात्रा से एक सैलून संचालक ने छेड़छाड़ कर दी। वह
जागरण संवाददाता, रुड़की: स्कूल आने वाली छात्रा से एक सैलून संचालक ने छेड़छाड़ कर दी। वह पहले भी इस तरह की हरकत कर चुका है। इस मामले के विरोध में परिजन स्कूल पहुंचे और प्रबंधन पर छात्राओं का ध्यान नहीं रखने का आरोप लगाया। इस मामले में परिजनों ने पुलिस को तहरीर दी है। मामला दो समुदाय से जुड़ा होने के चलते परिजनों के साथ दुर्गा वाहिनी के कार्यकर्ता भी स्कूल में पहुंचे थे।
भगवानपुर क्षेत्र की एक किशोरी शहर के एक स्कूल में कक्षा 10 की छात्रा है। एक सैलून संचालक हर दिन छात्रा का पीछा कर उसे परेशान कर रहा है। छात्रा ने कई बार इसका विरोध भी किया, लेकिन आरोपित अपनी हरकत से बाज नहीं आया। आरोपित की दुकान स्कूल से कुछ दूरी पर स्थित है। पिछले कुछ दिन से छात्रा छेड़छाड़ की इस घटना को लेकर तनाव में चल रही है। सोमवार को छात्रा ने परिजनों को बताया कि एक सैलून संचालक उसका पीछा करता है। इस पर परिजन सकते में आ गए। छेड़छाड़ करने वाला युवक दूसरे समुदाय का है। इसके चलते इस मामले में परिजनों के साथ दुर्गा वाहिनी के कार्यकर्ता भी स्कूल में पहुंच गए। दुर्गा वाहिनी के कार्यकर्ता विक्की बजरंगी ने इस मामले में स्कूल प्रबंधन पर छात्राओं का ध्यान न देने का आरोप लगाया। स्कूल प्रबंधन का कहना था कि छात्रा से छेड़छाड़ की बात उनके संज्ञान में नहीं है। इसके बाद परिजन कोतवाली सिविल लाइंस पहुंचे और पुलिस को मामले की शिकायत की। सिविललाइंस पुलिस इस मामले में जांच कर रही है।