क्वारंटाइन केंद्र पर लोगों ने लगाई घर भिजवाने की गुहार
उच न्यायालय के आदेश पर 13 बिदुओं को लेकर एसीजेएम ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ विभिन्न क्वारंटाइन सेंटरों का निरीक्षण किया।
जागरण संवाददाता, रुड़की: उच्च न्यायालय के आदेश पर 13 बिदुओं को लेकर सिविल जज सीनियर डिवीजन ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ विभिन्न क्वारंटाइन सेंटरों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान क्वारंटाइन किए गए लोगों ने घर भिजवाने की गुहार लगाई।
शुक्रवार को सिविल जज सीनियर डिवीजन शिवानी पसबोला, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट नमामी बंसल, सीएमओ डॉ. सरोज नैथानी और एएसडीएम गोपाल सिंह चौहान ने पुलिस अधिकारियों के साथ रुड़की के राष्ट्रीय जल विज्ञान संस्थान, सीबीआरआइ, आइआइटी, कलियर आदि क्षेत्रों के विभिन्न क्वारंटाइन सेंटरों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने भोजन, पानी, चिकित्सा आदि के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने मुंबई समेत विभिन्न स्थानों से आए क्वारंटाइन लोगों से उनकी दिक्कतें भी पूछी। इस दौरान कई लोगों ने जल्द से जल्द घर भिजवाने की मांग की। कहा कि वो हजारों किमी दूर का सफर कर अपने प्रदेश में आ चुके हैं, लेकिन घर नहीं जा पा रहे हैं। इस पर जेएम नमामी बंसल ने बताया कि जन लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आ रही है, उनको भेजे जाने की व्यवस्था भी की जा रही है।
सुविधाओं का लिया जायजा
बहादराबाद: सिविल जज सीनियर डिवीजन शिवानी पसबोला ने बहादराबाद स्थित ड्रीमलैंड होटल में बनाए गए क्वारंटाइन केंद्र पहुंचकर वहां सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने क्वारंटाइन केंद्र की व्यवस्थाओं पर संतोष जताया। इस दौरान एसडीएम कुश्म चौहान, डॉ. पीयूष कटियार व बहादराबाद थाना प्रभारी गोविद कुमार भी मौजूद रहे।