प्रेम प्रसंग का मामला चौकी पहुंचा
संवाद सूत्र, लक्सर: महिला के प्रेम प्रसंग का मामला चौकी तक पहुंच गया। महिला के ससुराल पक्ष के
संवाद सूत्र, लक्सर: महिला के प्रेम प्रसंग का मामला चौकी तक पहुंच गया। महिला के ससुराल पक्ष के लोगों ने उसके प्रेम संबंधों को लेकर एतराज जताया। इस पर महिला पुलिस चौकी पहुंच गई। बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया।
लक्सर निवासी एक महिला के पति की मौत हो चुकी है। पति की मौत के बाद महिला अपनी ससुराल में ही रहती है। बताया गया कि कुछ समय पूर्व लक्सर कोतवाली के एक गांव निवासी एक युवक के साथ महिला का संपर्क हुआ था। जान-पहचान धीरे-धीरे प्रेम में बदल गई। युवक पहले से ही शादीशुदा है। इसके बाद भी दोनों का प्रेम प्रसंग चलता रहा। युवक महिला के घर अक्सर आया-जाया करता था। महिला के ससुराल पक्ष के लोगों को इसकी जानकारी हुई, तो उन्होंने टोका, लेकिन महिला नहीं मानी तथा युवक का उसके यहां आना-जाना लगातार जारी रहा। शुक्रवार को भी महिला का प्रेमी युवक उससे मिलने के लिए आया था। इस दौरान उसके ससुराल पक्ष के लोग भी वहां पहुंच गए तथा उनके मिलने-जुलने पर विरोध जताया। इस पर युवक ने कहा कि उसने महिला से निकाह कर लिया है, जिसके बाद ससुराल पक्ष के लोगों ने महिला को युवक के साथ ही रहने के लिए कहा। लेकिन महिला ने कहा कि वह जिस मकान में रहती है, वह उसके पति का है तथा वह मकान से नहीं जाएगी। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई तथा मामला पुलिस चौकी तक पहुंच गया। दोनों पक्षों ने चौकी पहुंचकर एक दूसरे पर आरोप लगाए। इस बीच कुछ जिम्मेदार लोग भी मौके पर आ गए तथा समझाबुझाकर दोनों पक्षों के बीच समझौता करा दिया। चौकी प्रभारी मनोज सिरौला ने बताया कि एक ही परिवार के बीच आपसी विवाद का मामला था। बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया।