यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 01, 2018 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
छात्रा ने धर्म परिवर्तन कर प्रेमी से रचाई शादी
जागरण संवाददाता, हरिद्वार: ज्वालापुर से चार दिन पहले फरार हुए प्रेमी युगल ने पहले ही मंदिर

जागरण संवाददाता, हरिद्वार: ज्वालापुर से चार दिन पहले फरार हुए प्रेमी युगल ने पहले ही मंदिर में शादी रचा ली थी। हाईकोर्ट जाने पर इस बात का खुलासा हुआ। जहां छात्रा ने धर्म परिवर्तन कर शादी की बात कुबूल की। साथ ही अपने परिवार व अन्य लोगों से दोनों की जान का खतरा भी जताया। जिस पर हाईकोर्ट ने जोड़े को पुलिस सुरक्षा देने के आदेश दिए हैं। वहीं लॉ एंड आर्डर बनाए रखने के लिए पुलिस अलर्ट हो गई है।
ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र के पीठ बाजार निवासी गगन का बीकॉम की छात्रा से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों अलग-अलग समुदाय से जुड़े होने के चलते चार दिन पहले दोनों फरार हो गए। छात्रा के परिजनों ने उसकी तलाश करने के बाद पुलिस को सूचना दी। गगन के साथ फरार होने की जानकारी मिलने पर परिजनों ने अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने आरोपित गगन के परिवार व दोस्तों को हिरासत में लेकर भी पूछताछ की, मगर उनका कुछ पता नहीं चल सका। शुक्रवार को छात्रा के समुदाय से जुड़े कुछ लोगों ने रोड जाम करते हुए उसकी बरामदगी की मांग की थी। इस बीच पुलिस को दोनों के हाईकोर्ट पहुंचने का पता चला। छात्रा के परिजन व पुलिस ने नैनीताल में डेरा डाला। मगर दोनों छिप छिपाकर हाईकोर्ट पहुंचने में कामयाब रहे। उन्होंने कोर्ट में अपनी शादी के दस्तावेज दाखिल करते हुए बताया कि कुछ दिन पहले दोनों ने आर्य समाज मंदिर हरिद्वार में शादी कर ली थी। छात्रा ने बताया कि वह धर्म परिवर्तन कर अलीशा से अदिती बन चुकी है और गगन के साथ रहना चाहती है। उन्होंने अपनी जान का खतरा भी जताया।
दोनों बालिग होने के चलते कोर्ट ने उन्हें साथ रहने और पुलिस को उनकी सुरक्षा के आदेश दिए। छात्रा व प्रेमी का मोहल्ला आस-पास होने के चलते तनाव की स्थिति बनी हुई है। आला अधिकारी पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है। कार्यवाहक कोतवाली प्रभारी संजीव थपलियाल ने हाईकोर्ट का फैक्स मिलने की पुष्टि करते हुए बताया कि न्यायालय ने दोनों को सुरक्षा देने के आदेश दिए हैं। हाईकोर्ट के आदेश का पालन कराया जाएगा। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर स्थिति पर नजर रखी जा रही है।