चरण पादुका स्थल पर होंगे मां मंसा देवी के दर्शन
विजयादशमी पर्व पर मां मंसा देवी ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत रविद्रपुरी महाराज ने पंचायती निरंजनी अखाड़ा स्थित चरण पादुका स्थल पर विधि विधान से मंसा देवी की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा की।
जागरण संवाददाता, हरिद्वार: विजयादशमी पर्व पर मां मंसा देवी ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत रविद्रपुरी महाराज ने पंचायती निरंजनी अखाड़ा स्थित चरण पादुका स्थल पर विधि विधान से मंसा देवी की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा की। मंदिर का जीर्णोद्धार होने से अब मंसा देवी मंदिर में ऊपर न जा पाने वाले श्रद्धालु चरण पादुका मंदिर में ही मां मंसा देवी के दर्शन कर सकेंगे। विशेष तौर पर बुजुर्ग व बीमार श्रद्धालुओं को इससे बहुत लाभ होगा। रविवार प्रात: काल से ही यहां पूजा प्रारंभ हो गई है। शाम को कन्या पूजन के साथ यह संपन्न हुई।
श्रीमहंत रविद्रपुरी महाराज ने बताया कि चरण पादुका मंदिर का जीर्णोद्धार किया गया है। चरण पादुका मंदिर और वट वृक्ष यहां हजारों साल से है। हजारों साल पहले जब अखाड़े की स्थापना यहां हुई थी तब से ही मंदिर बना हुआ है। कहा कि कोरोना काल में यहां पूजा अर्चना से स्थान शुद्ध और प्रसिद्ध हो गया। इसी को देखते हुए यहां मंसा मैया की मूर्ति की विधि विधान से प्रतिष्ठा की गई है। जो श्रद्धालु ऊपर पर्वत पर मां मंसा देवी के मंदिर नहीं जा पाते हैं। अब वह चरण पादुका मंदिर में ही मां मंसा देवी के दर्शन कर लाभ प्राप्त कर सकेंगे। लेकिन पर्वत स्थित मां मंसा देवी के मंदिर जाना भी जरूरी है। जो वहां के दर्शन करने के बाद यहां के दर्शन करेगा उसे दोगुना लाभ प्राप्त होगा। विजयादशमी के दिन मूर्ति प्रतिष्ठा का अलग ही महत्व होता है। इस दिन अधर्म पर धर्म की विजय हुई थी और भगवान श्रीराम ने रावण का अंत किया था। इस अवसर पर निरंजनी अखाड़े के सचिव महंत राधे गिरी, महंत राम रतन गिरी, महंत महेश गिरी, महंत नरेश गिरी, महंत बलवीर पुरी, महंत राजेंद्र भारती, दिगंबर राजपुरी आदि लोग मां भगवती की पूजा आराधना में चरण पादुका स्थल पर शामिल रहे।
----------------
कन्याओं का पूजन कर जिमाया
हरिद्वार: महानवमी पर मां मंसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत रविद्रपुरी महाराज ने चरण पादुका मंदिर में मां भगवती की पूजा-अर्चना के बाद कन्या पूजन कर उन्हें भोज कराया। अपनी स्वेच्छा से दक्षिणा के स्वरूप सोने की बालियां आदि उपहार भेंट किए। कन्याओं ने श्री महंत से आशीर्वाद प्राप्त किया।