विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरिद्वार में प्रेमी को पीटकर भगाया, किशोरी को खेत में ले जाकर किया सामूहिक दुष्कर्म

Published: Mon, 13 Jul 2026 11:40 PM (IST)

हरिद्वार के लक्सर-पथरी क्षेत्र में प्रेमी के साथ जा रही एक किशोरी को बंधक बनाकर सात-आठ नशेड़ी युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म किया।

सांकेतिक तस्वीर।

सांकेतिक तस्वीर।

HighLights

  1. हरिद्वार में किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म

  2. नशे में धुत थे सभी आरोपित

  3. चंगुल से भागकर बचाई जान

संवाद सूत्र, पथरी (हरिद्वार)। लक्सर कोतवाली क्षेत्र में प्रेमी युवक के साथ बाइक पर जा रही एक किशोरी को पथरी क्षेत्र में सात-आठ युवकों ने खेतों में बंधक बनाकर सामूहिक दुष्कर्म किया। आरोप है कि सभी आरोपित नशे में चूर थे।

किशोरी के प्रेमी की पिटाई कर उसे भगा दिया था। उसके बाद किशोरी को खेत में खींचकर ले गए और दरिंदगी की।

वह रात भर उसे बंधक बनाकर रखने को लेकर आपस में उलझ रहे थे, तभी किशोरी उनके चंगुल से अर्धनग्न हालत में भाग निकली।

उसने नजदीक के गांव में जाकर ग्रामीणों से मदद मांगी। एक महिला के घर में शरण ली, जिसने उसे पहनने को कपड़े दिए। फिर आसपास के ग्रामीणों ने सुरक्षित उसके स्वजन तक पहुंचाया। स्वजन की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, किशोरी के स्वजन ने तहरीर दी है कि किशोरी अपने प्रेमी युवक के साथ काठा पीर दरगाह की ओर बाइक पर जा रही थी।

गांव से थोड़ी दूरी पर खेतों में आरोपित युवकों के समूह ने दोनों को रोक लिया। वे नशे में थे। प्रेमी की पिटाई करके भगा दिया।

आरोप है कि सभी आरोपित खेत में किशोरी के साथ छेड़छाड़ करने लगे और खींचते हुए खेत में ले गए। वहां कई युवकों ने गैंगरेप किया।

लापता बेटी की तलाश कर रहे थे स्वजन

उधर, किशोरी के स्वजन लक्सर पुलिस के साथ मिलकर लापता बेटी की तलाश करते रहे। एक महिला व ग्रामीणों की मदद से किशोरी अपने स्वजनों तक पहुंची। पीड़िता की आपबीती सुनकर स्वजनों के होश उड़ गए। उन्होंने पथरी थाने में शिकायत देकर न्याय की गुहार लगाई है।

खतरे में थी किशोरी की जान

पीड़िता ने स्वजनों को बताया कि आरोपित उसे रात भर बंधक बनाकर रखना चाहते थे, इस पर उनके बीच आपस में कहासुनी होने लगी। किशोरी डर गई कि आरोपित रात भर में उसका क्या हश्र करने वाले हैं।

उसी दौरान वह किसी तरह उनके चुंगल से छूटकर अर्द्धनग्न हालत में ही खेतों के रास्ते जान बचाकर भागी। एक घर में छिपकर पनाह ली। जहां एक महिला ने उसे कपड़े देते हुए आसपास के ग्रामीणों को जानकारी दी। तब जाकर किशोरी अपने स्वजनों तक पहुंची।

डरे हुए प्रेमी ने नहीं दी सूचना

आरोपितों द्वारा बुरी तरह पीटे जाने के बाद डरा-सहमा प्रेमी युवक मौके से भाग गया था, लेकिन खौफ के कारण उसने पुलिस या किशोरी के परिजनों को समय पर घटना की सूचना नहीं दी। पुलिस अब इस मामले में उसके बयान भी अलग से दर्ज करेगी।

पुलिस को स्थानीय सूत्रों से पता चला है कि वारदात को अंजाम देने वाले युवक पास के ही शिवगढ़, फूलगढ़ और अन्य आसपास के गांवों के हैं, जिनकी पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।

पथरी थाना प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया कि अज्ञात आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है और आरोपितों की धरपकड़ के लिए पुलिस टीमों को रवाना कर दिया गया है।

यह भी पढ़ें- बंगाल: दोस्त के घर गई युवती से दुष्कर्म, जैसे-तैसे उनके चंगुल से छूटकर थाने पहुंची पीड़िता; तीन गिरफ्तार 

यह भी पढ़ें- शर्मसार रांची: स्मार्ट सिटी में दो नाबालिगों से सामूहिक दुष्कर्म, दो किशोरों समेत 6 आरोपी गिरफ्तार