विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गन्ना किसानों को राहत: लक्सर चीनी मिल आधे दाम पर दे रही ट्राइकोडर्मा, 35% किसानों ने उठाया लाभ

Published: Mon, 16 Nov 2026 10:40 PM (IST)

लक्सर शुगर मिल गन्ने की फसल को लाल सड़न और मिट्टी जनित रोगों से बचाने के लिए किसानों को ट्राइकोडर्मा के उपयोग के लिए प्रोत्साहित कर रही है।

मिल 50% छूट पर यह जैविक उत्पाद उपलब्ध करा रही है, जिससे 35% से अधिक किसान लाभान्वित हुए हैं।

मिल 50% छूट पर यह जैविक उत्पाद उपलब्ध करा रही है, जिससे 35% से अधिक किसान लाभान्वित हुए हैं।

HighLights

  1. लक्सर मिल ट्राइकोडर्मा से गन्ने की फसल बचा रही।

  2. किसानों को 50% छूट पर जैविक उत्पाद मिल रहा।

  3. ट्राइकोडर्मा मिट्टी के रोगों से सुरक्षा, पैदावार बढ़ाता है।

संवाद सूत्र, लक्सर। गन्ने की फसल को लाल सड़न सहित मिट्टी से फैलने वाले रोगों से बचाने और पैदावार बढ़ाने के लिए लक्सर शुगर मिल किसानों को ट्राइकोडर्मा के इस्तेमाल के लिए प्रोत्साहित कर रही है। मिल प्रशासन पिछले दो वर्षों से किसानों को यह जैविक उत्पाद 50 प्रतिशत छूट पर उपलब्ध करा रहा है। अब तक 35 प्रतिशत से अधिक किसान इसका लाभ उठा चुके हैं। इसके साथ ही किसानों को मिट्टी की गुणवत्ता सुधारने और अधिक पीएच मान के प्रभाव को कम करने के उपाय भी बताए जा रहे हैं।

गन्ने की एक प्रजाति में लाल सड़न का प्रकोप किसानों के लिए चिंता का विषय बना हुआ है। ट्राइकोडर्मा मिट्टी में मौजूद हानिकारक फफूंद को नियंत्रित करने में मदद करता है। यह जड़ों के आसपास पोषक तत्वों और जगह के लिए हानिकारक फफूंद से प्रतिस्पर्धा करता है। साथ ही ऐसे तत्व पैदा करता है, जो रोगजनक फफूंद की वृद्धि रोकते हैं। इसके प्रयोग से पौधों की प्राकृतिक रोग प्रतिरोधक क्षमता और पोषक तत्वों के अवशोषण में भी सुधार होता है।

मिल के प्रधान गन्ना प्रबंधक बीएस तोमर ने बताया कि लक्सर क्षेत्र में 50 हजार से अधिक किसान हैं। किसानों को ट्राइकोडर्मा के महत्व की जानकारी देने के साथ ही 50 प्रतिशत छूट पर उत्पाद उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने सलाह दी कि ट्राइकोडर्मा का इस्तेमाल उर्वरक, कीटनाशक या रासायनिक फफूंदनाशक के साथ मिलाकर नहीं करना चाहिए।
उन्होंने बताया कि तरल ट्राइकोडर्मा के इस्तेमाल के लिए दो लीटर उत्पाद और दो किलोग्राम गुड़ को 200 लीटर पानी में मिलाकर 48 घंटे तक छाया में रखना चाहिए। इसके बाद एक एकड़ खेत में सिंचाई के साथ इसका प्रयोग किया जा सकता है।

वहीं, पाउडर ट्राइकोडर्मा की दो से तीन किलोग्राम मात्रा को 50 किलोग्राम सड़ी गोबर की खाद या वर्मी कंपोस्ट में मिलाकर एक सप्ताह तक छाया में रखना चाहिए। इसके बाद खेत में इसका छिड़काव किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि इसके प्रभावी इस्तेमाल के लिए खेत में पर्याप्त नमी होना जरूरी है। तोमर ने किसानों से निर्धारित विधि और सावधानियों के साथ ट्राइकोडर्मा का प्रयोग करने की अपील की।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।