श्रमिक संघ ने भूख हड़ताल की दी चेतावनी
हरिद्वार परिवहन निगम के एससी/एसटी श्रमिक संघ के प्रतिनिधिमंडल ने सहायक महाप्रबंधक से वात
हरिद्वार: परिवहन निगम के एससी/एसटी श्रमिक संघ के प्रतिनिधिमंडल ने सहायक महाप्रबंधक से वार्ता के दौरान श्रमिकों का उत्पीड़न नहीं रुकने पर भूख हड़ताल की चेतावनी दी है।
शुक्रवार को परिवहन निगम के एससी/एसटी श्रमिक संघ के प्रतिनिधिमंडल ने अपनी समस्याओं को लेकर सहायक महाप्रबंधक प्रतीक जैन से मुलाकात की। इस दौरान बताया गया कि उनकी समस्याओं पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। जिससे परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वार्ता के दौरान शाखा मंत्री केपी सिंह ने चेतावनी दी कि अगर कर्मचारियों का उत्पीड़न नहीं रुका तो वह नवंबर से भूख हड़ताल पर बैठ जाएंगे। सहायक महाप्रबंधक ने कर्मचारियों को सकारात्मक आश्वासन दिया कि उनकी सभी समस्याओं का हल किया जाएगा। जिसमें जल्द कैश रूम की समस्या दूर करने और डीजल भरने के लिए अलग से कर्मचारी तैनात करने की बात कही। इस मौके पर शाखा अध्यक्ष राजेंद्र कुमार, शाखा मंत्री केपी सिंह, जयप्रकाश, मेघराज तेजपाल, प्रमोद कुमार आदि मौजूद रहे। (संस)