विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरिद्वार में कांवड़ मेला शुरू, लाखों शिवभक्तों ने भरी गंगाजल की कांवड़

Published: Thu, 30 Jul 2026 10:49 PM (IST)

श्रावण मास के शुभारंभ पर हरिद्वार में प्रसिद्ध कांवड़ मेला शुरू हो गया है। लाखों शिवभक्तों ने गंगा स्नान कर ...और पढ़ें

सावन शुरू होते ही धर्मनगरी हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौटने वाले कांवड़ यात्रियों की संख्या बढ़ने लगी है। जागरण

सावन शुरू होते ही धर्मनगरी हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौटने वाले कांवड़ यात्रियों की संख्या बढ़ने लगी है। जागरण 

HighLights

  1. कांवड़ मेले का हरिद्वार में विधिवत शुभारंभ हुआ

  2. लाखों शिवभक्तों ने गंगा स्नान कर जल भरा

  3. 'बोल बम' के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना

जागरण संवाददाता, हरिद्वार। श्रावण मास के पवित्र आरंभ के साथ ही आस्था की गंगा एक बार फिर हरिद्वार में उमड़ पड़ी।

गुरुवार को गंगा तट पर वैदिक मंत्रोच्चार और बोल बम के जयघोषों के बीच उत्तर भारत का प्रसिद्ध कांवड़ मेले का विधिवत शुभारंभ हो गया है।

देश के विभिन्न राज्यों से आए शिवभक्तों ने मां गंगा में स्नान, पूजन कर गंगाजल भरा और हर हर महादेव..., जय भोले, बम भोले...,की गूंज के साथ कांवड़ उठाकर अपनी यात्रा शुरू की।

गुरुवार दोपहर में सावन की रिमझिम वर्षा ने भी शिव भक्तों का स्वागत किया।

कांवड़ मेले के शुभारंभ अवसर पर तीर्थ पुरोहितों और श्रद्धालुओं ने हरकी पैड़ी के पास विधिवत पूजन कर मां गंगा का दुग्धाभिषेक किया और यात्रा की सफलता, शिवभक्तों की कुशलता और जनसुरक्षा की मंगलकामना की।

हरकी पैड़ी के पास शिव भक्तों ने मां गंगा को चुनरी और साड़ी भी भेंट की। कांवड़ मेले के पहले ही दिन हरकी पैड़ी सहित समूचा गंगा तट शिवभक्तों की भीड़ से भर उठा।

अनुमान के अनुसार करीब तीन लाख शिवभक्तों ने पहले दिन मां गंगा का आचमन कर कांवड़ में पवित्र जल भरा और अपने-अपने गंतव्यों की ओर प्रस्थान किया।

दिन भर हाईवे सहित कांवड़ मार्ग पर बम भोले के नारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। कांवड़ यात्रियों की टोलियां हाथों में ध्वज, नगाड़ों की थाप, पैरों में घुंघरू और भक्ति गीतों के साथ गंगा किनारे उमंग और उल्लास के साथ दिखाई दीं।

तो हरकी पैड़ी घाट से लेकर चौक चौराहों पर सुरक्षा व्यवस्था खासी चाक चौबंद दिखी। कांवड़ पटरी के साथ हाईवे पर भी कांवड़ यात्रियों की भीड़ दिखी।

यह भी पढ़ें- कंधे पर कांवड़ और मन में अटूट विश्वास; 131 लीटर गंगाजल लेकर बागपत निकले अभिषेक, शिवालयों में गूंजे जयकारे

यह भी पढ़ें- यूपी में कांवड़ मार्गों पर बनेंगे विश्राम स्थल, पानी-सफाई और सुरक्षा को लेकर 'जीरो टॉलरेंस' के निर्देश