रुड़की में हिंदू रक्षा दल जिलाध्यक्ष विशाल चौहान पर हुए जानलेवा हमला मामले में मुकदमा दर्ज
रुड़की में हिंदू रक्षा दल के जिलाध्यक्ष विशाल चौहान पर गोली चलाने के आरोप में पुलिस ने दो अज्ञात शूटरों ...और पढ़ें


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, रुड़की। हिंदू रक्षा दल के जिलाध्यक्ष पर गोली मारकर हत्या के प्रयास में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने दो अज्ञात शूटरों के अलावा शक के आधार पर कुछ अन्य लोगों को भी आरोपित बनाया है।
इस मामले के विरोध में भीम आर्मी के पदाधिकारी झूठा फंसाने के आरोप में एसपी देहात से मिले और निष्पक्ष जांच की मांग की है। एसपी देहात ने निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है। वहीं, दूसरी तरफ हिंदू संगठन के लोगों ने भी आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
हिंदू रक्षा दल के जिलाध्यक्ष विशाल चौहान निवासी पनियाला कोतवाली गंगनहर ने पुलिस को तहरीर दी है। जिसमें बताया कि दो दिन पहले उनका विवाद हो गया था। जिसमें दो लोगों ने उनके साथ मारपीट की थी।
इस मामले में उन्होंने पुलिस को तहरीर दी थी। बताया कि वह मंगलवार को इसी मामले में गंगनहर कोतवाली से वापस अपने गांव पनियाला जा रहे थे। गांव के पास ही दो लोग आये और गाडी रुकवाकर गोली चला दी।
आरोप लगाते हुए तहरीर में बताया कि दोनों लोगों ने भीम आर्मी के दो पदाधिकारियों का नाम लेते हुए कहा था कि उनसे पंगा लेने का मजा चखायेंगे। यह कहते हुए उन्होंने फायरिंग कर दी। गोली लगने से वह घायल हो गये थे।
गाड़ी के अगले शीशे में गोली लगी थी। गोली मारने के बाद उसे मरा हुआ समझ कर आरोपितों ने दो अन्य लोगों का नाम लेकर कहा कि फोन पर उन्हें सूचना देते है कि विशाल का काम तमाम हो गया है।
इसके बाद आरोपित वहां से फरार हो गये। घायल का हायर सेंटर में उपचार चल रहा है। घटना के बाद हिंदू रक्षा दल के कार्यकर्ता भी गंगनहर कोतवाली पहुंचे थे और हंगामा किया था।
एसपी देहात अभय सिंह ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में दो शूटर के अलावा शक के आधार पर अन्य लोगों पर भी जानलेवा हमले के मामले में मुकदमा दर्ज किया है।
वहीं इस मामले को लेकर बुधवार को भीम आर्मी के महक सिंह, रामपुर नगर पंचायत के चेयरमैन परवेज सुल्तान एवं अन्य लोग एसपी देहात अभय सिंह से मिले। इनका कहना था कि विशाल चौहान ने कुछ लोगों के गलत नाम पुलिस को दिये है।
जबकि इनका कोई लेनदेना नहीं है। उन्होंने इस मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। एसपी देहात अभय सिंह ने बताया कि इस मामले की निष्पक्ष जांच कराई जायेगी। किसी बेगुनाह को झूठा नहीं फंसने दिया जायेगा। आश्वासन के बाद सभी लोग वहां से रवाना हो गये।
