विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरिद्वार में प्रॉपर्टी डीलर की गुंडागर्दी, पूर्व कर्मचारी पर बरसाई गोलियां

Published: Sun, 15 Nov 2026 10:59 AM (IST)

हरिद्वार के ज्वालापुर में एक प्रॉपर्टी डीलर ने मामूली विवाद में अपने पूर्व कर्मचारी के घर पर गोलीबारी की। पुलिस ...और पढ़ें

ज्वालापुर सुभाषनगर की घटना, गुर्गों सहित गिरफ्तार। जागरण

ज्वालापुर सुभाषनगर की घटना, गुर्गों सहित गिरफ्तार। जागरण

HighLights

  1. प्रॉपर्टी डीलर ने पूर्व कर्मचारी के घर पर की गोलीबारी

  2. आरोपी गुड्डू चौधरी साथियों सहित हथियारों के साथ गिरफ्तार

  3. पुलिस ने भारी मात्रा में अवैध हथियार व कारतूस किए बरामद

जागरण संवाददाता, हरिद्वार। ज्वालापुर के सुभाषनगर में एक प्रापर्टी डीलर पर मामूली विवाद में अपने ही पूर्व कर्मचारी के घर पहुंचकर गोलियां बरसाने का आरोप है। फिल्मी अंदाज में लग्जरी गाड़ियों से फायरिंग होने से क्षेत्र सनसनी फैल गई।

पुलिस ने आरोपित व उसके गुर्गों को हथियारों के साथ गिरफ्तार कर सारी हेकड़ी निकाल दी। उसके कब्जे से 315 बोर की राइफल, 12 बोर की पंप एक्शन गन, 32 बोर की देसी पिस्टल, मैगजीन और बड़ी संख्या में कारतूस बरामद किए। चारों को जेल भेज दिया गया है।

पुलिस के मुताबिक, ज्वालापुर के सुभाषनगर निवासी निशांत यादव कुछ दिन पहले तक प्रापर्टी डीलर गुड्डू चौधरी के कार्यालय में काम करते थे। मामूली बात पर विवाद होने पर गुड्डू चौधरी दो गाड़ियों में अपने साथियों के साथ सुभाषनगर पहुंचा और निशांत यादव को जान से मारने की नीयत से पिस्टल से फायरिंग कर दी।

ताबड़तोड़ फायरिंग से इलाके में दहशत फैल गई। शिकायत के आधार पर कोतवाली ज्वालापुर में मुकदमा दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने आरोपितों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। कोतवाली प्रभारी चंद्रभान सिंह अधिकारी के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालते हुए आरोपितों की तलाश में दबिश दी।

बाजार चौकी प्रभारी बाजार पुष्कर सिंह चौहान की टीम ने मुखबिर की सूचना पर बुग्गावाला क्षेत्र में दबिश देकर चार आरोपितों को दबोच लिया। उनकी पहचान गुड्डू चौधरी निवासी शिवालिकनगर, मनोज कुमार निवासी ग्राम बिटावडा थाना बुढ़ाना जिला मुजफ्फरनगर, सोनू उर्फ हरेंद्र चौधरी निवासी टिहरी विस्थापित कालोनी कोतवाली रानीपुर, सन्दीप उर्फ मोनू निवासी चन्दनहेड़ी ख्वाजापुर थाना छपरोली जिला बागपत के रूप में हुई।

गुड्डू का विवादों से पुराना नाता

गुडडू व पश्चिमी उत्तर प्रदेश निवासी उसके साथियों के कब्जे से जितने हथियार व कारतूस बरामद हुए हैं, उससे साफ है कि सुभाषनगर में खूनी खेल खेलने की तैयारी थी। पुलिस की पड़ताल में सामने आया है कि जमीनों के धंधे में गुड्डू का विवादों से पुराना नाता रहा है। गुड्डू चौधरी के खिलाफ रानीपुर से सिडकुल तक कई शिकायतें लंबित चली आ रही हैं।

ताजा घटना से साफ है कि आरोपित किस तरह से पीड़ितों पर रौब गालिब करता आ रहा है। हालांकि, फिलहाल पुलिस ने उसे जेल की सलाखों के पीछे भेजकर पीड़ितों के मन में कानून का भरोसा मजबूत करने का काम किया है। पुलिस टीम में हेड कांस्टेबल धर्मेंद्र, कांस्टेबल उमेद सिंह, सत्येंद्र सिंह, नवीन छेत्री, हुकुम सिंह, रवि चौहान और सन्दीप कुमार शामिल रहे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।